🟣जोधपुर-जैसलमेर में एनआईए की तड़के छापेमारी, संदिग्ध हिरासत में
बीबीएन,बीकानेर, 31 अक्टूबर। राजस्थान की पश्चिमी सीमाओं पर शुक्रवार सुबह फिर से सुरक्षा एजेंसियों की हलचल तेज हो गई। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने जोधपुर और जैसलमेर जिलों में एक साथ कई ठिकानों पर कार्रवाई की है। सूत्रों के मुताबिक, यह छापेमारी एक अंतरराष्ट्रीय आतंकी नेटवर्क की जांच से जुड़ी बताई जा रही है। उधर, भारत-पाक सीमा के नजदीक बीएसएफ की मुरार पोस्ट पर एक संदिग्ध युवक के पकड़े जाने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। शुरुआती पूछताछ के बाद बीएसएफ ने उसे राजस्थान पुलिस को सौंप दिया है।
पीपाड़ में संदिग्ध हिरासत में, दस्तावेज बरामद
सूत्रों का कहना है कि जोधपुर से करीब 60 किलोमीटर दूर पीपाड़ इलाके में एनआईए की टीम ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। उसके पास से कुछ संवेदनशील दस्तावेज मिलने की बात सामने आई है, हालांकि किसी एजेंसी ने अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
आईबी इनपुट के बाद एटीएस की एंट्री
खुफिया सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के इनपुट के बाद की गई। इसी क्रम में राजस्थान एटीएस ने भी जोधपुर के चौखा गांव स्थित अरेबिया मदरसे में तलाशी ली। यहां के मौलवी अयूब पुत्र गफ्फार (आयु लगभग 45 वर्ष) को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
एजेंसियां सन्नाटे में, जांच जारी
अब तक न तो एनआईए और न ही आईबी की ओर से कोई प्रेस नोट जारी किया गया है। हालांकि स्थानीय सूत्रों ने कार्रवाई की पुष्टि की है। माना जा रहा है कि एजेंसियां सीमा-पार नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हैं।
—



