बीबीएन, नेटवर्क| जयपुर मिलिट्री स्टेशन में सप्त शक्ति AWWA और स्पेशल ओलंपिक्स भारत–राजस्थान चैप्टर के संयुक्त प्रयासों से आयोजित स्टेट गेम्स एथलेटिक्स 2025 शानदार तरीके से सम्पन्न हुआ। उद्घाटन उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने किया और इस अवसर पर स्पेशल ओलंपिक्स भारत की अध्यक्षा डॉ. (श्रीमती) मल्लिका नड्डा, आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मनजिंदर सिंह, तथा अनेकों विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे। 20 जिलों से पहुंचे 247 विशेष एथलीटों ने सात ट्रैक एवं फील्ड स्पर्धाओं में अपनी क्षमता, अनुशासन और प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य जांच शिविर, संसाधन पुस्तिका का विमोचन, मार्च-पास्ट और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समावेशी खेल भावना को नया आयाम दिया।
मार्च-पास्ट और सांस्कृतिक झलक ने बांधा समां
उद्घाटन समारोह में विशेष एथलीटों के प्रभावशाली मार्च-पास्ट ने सबका ध्यान खींचा। NCC कैडेट्स की धुनों ने पूरे मैदान को ऊर्जा से भर दिया। आर्मी पब्लिक स्कूल, जयपुर के विद्यार्थियों ने राजस्थानी लोकनृत्य प्रस्तुत कर राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान को उजागर किया।
247 एथलीटों ने सात स्पर्धाओं में दिखाया दम
राजस्थान के 20 जिलों से आए एथलीटों ने ट्रैक और फील्ड की सात स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं ने इन बच्चों की आत्मविश्वास, साहस और समर्पण की मिसाल पेश की।
मेडिकल चेकअप शिविर और पुस्तिका का विमोचन
मिलिट्री हॉस्पिटल, जयपुर की विशेषज्ञ टीम ने व्यापक स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया। इसी दौरान उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने “चिल्ड्रेन विद स्पेशल नीड्स” के अभिभावकों हेतु तैयार विशेष संसाधन पुस्तिका का विमोचन किया।
अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों का उल्लेख
स्पेशल ओलंपिक्स भारत की अध्यक्षा डॉ. मल्लिका नड्डा ने बताया कि भारत के विशेष एथलीट हाल ही में हुए बर्लिन वर्ल्ड समर गेम्स में 200 से अधिक पदक जीत चुके हैं। उन्होंने सरकार द्वारा रोजगार, प्रोत्साहन और पेंशन योजनाओं को इन बच्चों के लिए महत्वपूर्ण बताया।
समावेशी समाज के निर्माण पर जोर
उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने एथलीटों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन संवेदनशील और समावेशी समाज के निर्माण में अत्यंत उपयोगी हैं। आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मनजिंदर सिंह ने कहा कि भारतीय सेना वर्षों से समावेशन आधारित पहलों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने Asha Schools, Early Intervention Centres और रोजगार सहायता कार्यक्रमों का उल्लेख किया।
अब नेशनल स्पेशल ओलंपिक्स भारत गेम्स की तैयारी
राजस्थान से चयनित एथलीट अब दिल्ली में होने वाले नेशनल गेम्स में हिस्सा लेंगे। इसके लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर शीघ्र आयोजित किया जाएगा।
—




