⭕ आईईडी हैंडलिंग में सीआईएसएफ की बड़ी उपलब्धि, के–9 चेतक ने भी जीता सम्मान
बीबीएन, नेटवर्क । सीसीएल एनके एवं पिपरवार मुख्यालय डकरा स्थित केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) मानेसर में आयोजित नवम संयुक्त प्रतिआतंकक आईईडी प्रशिक्षण प्रतियोगिता ‘विस्फोट कवच–9’ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान हासिल किया है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में 16 राज्यों, 3 केंद्रशासित प्रदेशों और 4 केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों सहित कुल 23 चयनित टीमों ने भाग लिया। इनमें से सीआईएसएफ एकमात्र केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल रहा जिसने शीर्ष तीन में स्थान बनाया।
प्रतियोगिता के दौरान सीआईएसएफ की टीम ने अपनी परिचालन क्षमता, बम निष्क्रियकरण कौशल और तकनीकी दक्षता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। विशेष रूप से टीम की वह प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें विमानन सुरक्षा, विभिन्न आईईडी मॉडल, उपकरण नवाचार, तथा घरेलू विस्फोटकों के नए रुझानों का विस्तृत विश्लेषण शामिल था। एमपीआरटीसी बहरोड़ के प्रशिक्षकों की तकनीकी सहायता से विकसित विशेष उपकरणों का प्रदर्शन भी बेहद प्रभावी रहा।
मूल्यांकन अधिकारियों ने सीआईएसएफ के व्यावहारिक दृष्टिकोण, सटीक तकनीकी समझ और वास्तविक परिस्थितियों में तत्परता की सराहना की। बल ने आरएसपी ड्रिल में सर्वोच्च अंक प्राप्त कर अन्य सभी टीमों को पीछे छोड़ दिया। इसी दौरान सीआईएसएफ यूनिट डीएमआरसी के के–9 ‘चेतक’ ने विस्फोटक पहचान में असाधारण प्रदर्शन कर खास प्रशंसा हासिल की।
सीआईएसएफ की यह उपलब्धि देश के महत्वपूर्ण औद्योगिक, सामरिक और संवेदनशील प्रतिष्ठानों की सुरक्षा में उसकी भूमिका को और मजबूत बनाती है। वर्तमान में बल देश के 360 से अधिक हाई–सिक्योरिटी प्रतिष्ठानों जिनमें हवाई अड्डे, बंदरगाह, परमाणु केंद्र, अंतरिक्ष प्रतिष्ठान, मेट्रो नेटवर्क व नक्सल प्रभावित क्षेत्र शामिल हैं की सुरक्षा में तैनात है।
सीआईएसएफ की बम निरोधक व के–9 टीमें 24×7 सक्रिय रहकर प्रतिदिन एक करोड़ से अधिक यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करती हैं। यह सम्मान राष्ट्र सुरक्षा के प्रति बल की समर्पण भावना, दक्षता और उच्च स्तरीय तैयारियों का प्रमाण है।
—


