🔴 जिला पुलिस में तबादलों की बयार, कई थानों के प्रभारियों को मिला नया जिम्मा
बीबीएन,बीकानेर। जिला पुलिस अधीक्षक ने शनिवार को पुलिस प्रशासन में व्यापक फेरबदल किया है। जारी आदेश संख्या 4133 के अनुसार कुल 26 पुलिस निरीक्षकों एवं उप निरीक्षकों का स्थानांतरण और पदस्थापन किया गया है। ये सभी आदेश प्रशासनिक आधार पर तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।
जारी सूची में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के थानों से लेकर महिला थाना, कोटगेट, नापासर, छत्तरगढ़ और श्रीडूंगरगढ़ जैसे संवेदनशील थाने शामिल हैं। आदेश के अनुसार, विक्रम तिवाड़ी को पुलिस लाइन से जोधपुर कैंप थाने में, नित्यानंद सिंह को पुलिस लाइन से सदर थाना, राकेश स्वामी को बीछवाल थाना तथा राजेश कुमार को नापासर थाना भेजा गया है।
इसी प्रकार, सुभाष कुमार, अलका सिंह, महेन्द्र सिंह, महेन्द्र कुमार सिल्ला और जेताराम जैसे अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। आदेश में यह भी उल्लेख है कि सभी अधिकारी बिना अनावश्यक विलंब के अपने-अपने नए कार्यस्थल पर ज्वॉइन करें।
एसपी ने कहा कि इन तबादलों का उद्देश्य थाना स्तर पर कार्यक्षमता और जवाबदेही बढ़ाना है। नए पदस्थापन के बाद बीकानेर जिले की कानून-व्यवस्था में और अधिक मजबूती आने की उम्मीद है।
—




