बीबीएन, बीकानेर । बीकानेर की युवा प्रतिभा कंचन ने टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में चेन्नई में आयोजित तीसरी राष्ट्रीय पारा रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। क्लास-10 (बालिका वर्ग) की इस मेधावी खिलाड़ी ने 22 से 25 जनवरी तक चले इस राष्ट्रीय टूर्नामेंट में देशभर की प्रतिभाओं को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया और बीकानेर का झंडा बुलंद किया।
यह प्रतियोगिता रोटरी क्लब ऑफ मद्रास चिन पटना और आईआईटी मद्रास के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई थी। कंचन को खेल प्रशिक्षण एवं सुविधाएं मुहैया कराने वाली गोमा देवी चेरिटेबल फाउंडेशन के अध्यक्ष सुनील चमड़िया ने बताया कि कंचन की यह जीत उसकी अथक मेहनत और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल उसके लिए, बल्कि पूरे राजस्थान के पारा खेलों के लिए एक मिसाल है।
कंचन की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर जिला टेबल टेनिस संघ बीकानेर के पदाधिकारियों ने हर्ष व्यक्त किया है। संघ के उपाध्यक्ष भंवर सिंह, सचिव भवानी सिंह और कोषाध्यक्ष अविनाश राठौर ने कंचन को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। वहीं, गोमा देवी चेरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष सुनील कुमार, अनिल कुमार, मुकेश कुमार, सुरेंद्र बण, भंवरलाल जोशी, डॉ. पूनम पुरी, तरुण बण और विक्रांत टावर ने भी कंचन को बधाई देते हुए उसके संघर्ष और जज्बे की सराहना की है। इस जीत से क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को एक नई प्रेरणा मिली है। माना जा रहा है कि कंचन का यह सफर आगे और भी ऊंचाइयों को छुएगा और वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का प्रतिनिधित्व करेगी। पारा खेलों को बढ़ावा देने और प्रतिभाओं को प्लेटफॉर्म देने की दिशा में यह सफलता एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित होगी।
—

