बीबीएन,बीकानेर। बीकानेर जिला उद्योग संघ ने आगामी ऊँट उत्सव के दौरान शहर की ऐतिहासिक धरोहर को पर्यटकों तक पहुंचाने के उद्देश्य से संघ परिसर स्थित आर्ट गैलेरी को आधिकारिक कार्यक्रम श्रंखला में शामिल करने का प्रस्ताव रखा है। संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने पर्यटन विभाग की अधिकारियों नेहा शेखावत और पवन शर्मा को इस संबंध में सुझाव दिए।
पचीसिया ने बताया कि इस आर्ट गैलेरी में बीकानेर के 500 वर्षों के इतिहास, शहर की कला, साहित्य, तीज-त्योहार, मेले, तालाब, बावड़ियां, रम्मतें, और अन्य ऐतिहासिक पहलुओं को समेटे हुए दुर्लभ छायाचित्र प्रदर्शित हैं। उनका कहना है कि उत्सव के दौरान यदि इसे पर्यटकों के भ्रमण कार्यक्रम में जोड़ा जाए, तो एक ही स्थान पर पूरे बीकानेर की झलक सहज उपलब्ध हो सकेगी।
उन्होंने बताया कि 28 नवंबर को जिला कलक्टर की अध्यक्षता में हुई बैठक में भी संघ द्वारा इस प्रस्ताव पर चर्चा की गई थी। पचीसिया के अनुसार, यह गैलेरी बीकानेर के वैभव का ऐसा संग्रह है जिसे “मिनी पर्यटन केंद्र” कहा जाए तो भी कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी। गैलेरी में न सिर्फ पुरानी तस्वीरें, बल्कि कुशल दस्तकारों द्वारा तैयार की गई प्रमुख भारतीय एवं राजस्थानी हस्तियों की चित्रकारी भी प्रदर्शित है, जो इसे और अधिक आकर्षक तथा ऐतिहासिक रूप से महत्वपूर्ण बनाती है।
संघ का मानना है कि ऊँट उत्सव के दौरान इस गैलेरी को शामिल करने से पर्यटकों को शहर की सांस्कृतिक गहराई समझने में बड़ी मदद मिलेगी। इस अवसर पर दिलीप रंगा, रघुवीर झंवर सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
—



