बीबीएन, नेटवर्क। पश्चिमी सीमा से सटे बीकानेर संभाग के खाजूवाला ओर हनुमानगढ़ सेक्टर में सख्ती बढ़ाने पर पाक तस्करों ने बाड़मेर सेक्टर में अपनी नापाक हरकतों को अंजाम देना शुरू कर दिया है। पश्चिमी सीमा पर गुरुवार को मादक पदार्थ तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है, जिसमें बाड़मेर के दो आरोपियों सलमान खान और शंकराराम को एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने गिरफ्तार किया है।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि दोनों आरोपी पाकिस्तान स्थित तस्करों के संपर्क में थे और जैसलमेर से गुजरात तक ड्रग्स सप्लाई का संगठित नेटवर्क संचालित कर रहे थे। आरोपियों ने पहले भी सफलतापूर्वक ड्रग्स की खेप पहुंचाई थी, जिसके बाद उन्हें बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ की डिलीवरी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
पहले सफल डिलीवरी के बाद बढ़ा भरोसा
जांच एजेंसियों के अनुसार, मुख्य आरोपी सलमान खान ने लगभग तीन माह पूर्व दिसंबर-जनवरी के दौरान जैसलमेर के म्याजलर क्षेत्र तक ड्रग्स के दो पैकेट पहुंचाए थे। इस काम के लिए उसे 34 हजार रुपये का भुगतान किया गया था। पहली बार सफल डिलीवरी के बाद पाकिस्तान स्थित तस्करों का उस पर भरोसा मजबूत हुआ और उसे बड़े नेटवर्क में सक्रिय भूमिका दी गई।
गुजरात तक पहुंचाने का प्लान
इसके बाद आरोपियों को दूसरी खेप के रूप में लगभग पांच किलोग्राम मेटाफेटामाइन सौंपा गया, जिसे गुजरात तक पहुंचाना था। इस कार्य के लिए 60 हजार रुपये अग्रिम दिए गए थे, जबकि शेष भुगतान डिलीवरी के बाद तय था। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों को इस अवैध नेटवर्क के माध्यम से अधिक धन कमाने का लालच दिया गया था।
एटीएस ने संभाली जांच, रूट और तंत्र की पड़ताल
प्रकरण की प्रारंभिक जांच बाड़मेर पुलिस के पास सीमित समय तक रही, जिसके बाद मामला एटीएस को सौंप दिया गया। एएसपी दुर्ग सिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में टीम ने आरोपियों को सीमा क्षेत्र में ले जाकर घटनास्थलों का सत्यापन किया। इस दौरान तस्करी के संभावित रूट, संपर्क बिंदु और कार्यप्रणाली को समझने का प्रयास किया गया।
पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी एजेंसियां
एटीएस अब इस तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान करने में जुटी है। यह पता लगाया जा रहा है कि सीमा पार से ड्रग्स भेजने की प्रक्रिया कैसे संचालित होती है और इसमें किन-किन स्थानीय एवं बाहरी तत्वों की भूमिका है। जांच एजेंसियां साक्ष्य एकत्र कर मामले को व्यापक स्तर पर खोलने का प्रयास कर रही हैं।




