बीबीएन, नेटवर्क । पाकिस्तान सेना एक बार फिर विवादों में घिर गई है। इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) के डायरेक्टर जनरल लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे प्रेस ब्रीफिंग के दौरान एक महिला पत्रकार के सवाल पर न केवल अनुचित टिप्पणी करते नजर आते हैं, बल्कि कैमरे के सामने ही आंख भी मारते हैं। इस घटना के बाद पाकिस्तान की सेना की कार्यशैली, जवाबदेही और महिलाओं के प्रति रवैये पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
क्या है पूरा मामला?
ISPR के DG जनरल अहमद शरीफ चौधरी मीडिया से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान पत्रकार अबसा कोमन ने उनसे जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान पर चल रहे आरोपों राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा, देश-विरोधी गतिविधियाँ और विदेशी इशारों पर काम करनेसे संबंधित सवाल पूछा। सवाल के जवाब में चौधरी ने कहा: “और एक चौथा प्वाइंट जोड़ें वह जहनी मरीज भी हैं।” इस टिप्पणी के बाद उन्होंने मुस्कुराते हुए महिला पत्रकार को आंख मारी, जिसके बाद पूरा प्रेस रूम स्तब्ध रह गया।
जनरल चौधरी ने और क्या कहा?
चौधरी ने इमरान खान पर सेना के खिलाफ माहौल बनाने का आरोप दोहराया। उनका कहना था कि “हम किसी को भी सेना और जनता के बीच दूरी नहीं बनाने देंगे।” 9 मई 2023 के सैन्य ठिकानों पर हमलों के पीछे इमरान खान की भूमिका होने के पुराने आरोप को भी उन्होंने फिर उठाया। चौधरी ने यह भी कहा कि जेल में खान से मिलने आने वालों का उपयोग सेना के खिलाफ “जहर फैलाने” के लिए किया जा रहा है।
सोशल मीडिया पर नाराज़गी
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी नागरिकों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय यूज़र्स ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी। एक यूज़र ने लिखा, “ये सब खुलेआम कैमरे पर हो रहा है, लोकतंत्र खत्म हो चुका है।” दूसरे ने कहा, “देश अब एक मीम बन चुका है।” यह वीडियो पाकिस्तान की सेना की छवि पर एक और दाग की तरह देखा जा रहा है, खासकर ऐसे समय में जब देश पहले से ही राजनीतिक अस्थिरता और आर्थिक संकट झेल रहा है।
—



