📊 215 किमी तक राहत, लंबी दूरी पर बढ़ा रेल किराया
बीबीएन, बीकानेर | रेल यात्रियों के लिए गुरुवार से सफर की लागत में हल्का इज़ाफा हो गया है। रेलवे मंत्रालय ने यात्री किराया संशोधन की अधिसूचना जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि नई दरें 26 दिसंबर से लागू होंगी। साधारण द्वितीय श्रेणी में 215 किलोमीटर तक यात्रा करने वाले यात्रियों को कोई अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ेगा, जबकि इससे अधिक दूरी पर सफर करने वालों के लिए किराया दूरी और श्रेणी के अनुसार बढ़ाया गया है। मंत्रालय का कहना है कि यह कदम संचालन लागत और यात्रियों की वहन क्षमता के बीच संतुलन बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है।
रेलवे के अनुसार, यह एक वर्ष के भीतर दूसरी बार यात्री किराये में बदलाव है। इससे पहले जुलाई में भी किराया संरचना में संशोधन किया गया था। हालांकि, इस बार बढ़ोतरी को सीमित और दूरी-आधारित रखा गया है ताकि नियमित यात्रियों पर न्यूनतम असर पड़े।
🔹 किस श्रेणी में कितना बदला किराया
रेलवे मंत्रालय ने साफ किया है कि द्वितीय श्रेणी (ऑर्डिनरी) में 215 किमी तक कोई बढ़ोतरी नहीं। 216 से 2,250 किमी की यात्रा पर साधारण श्रेणी में लगभग 5 से 20 रुपये तक का इज़ाफा। स्लीपर क्लास में प्रति किलोमीटर 1 पैसा अतिरिक्त। एसी श्रेणियों में प्रति किलोमीटर 2 पैसे की बढ़ोतरी लागू। यह संशोधित दरें मेल, एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनों के साथ-साथ राजधानी, शताब्दी, दुरंतो, वंदे भारत, तेजस, हमसफर, अमृत भारत, गरीब रथ, जन शताब्दी, अंत्योदय, गतिमान, युवा एक्सप्रेस और अन्य विशेष ट्रेनों पर भी समान रूप से लागू होंगी।
🔹 किन शुल्कों में नहीं हुआ बदलाव
रेलवे ने यह भी स्पष्ट किया है कि रिजर्वेशन शुल्क और सुपरफास्ट चार्ज में कोई बदलाव नहीं किया गया है। जीएसटी पहले की तरह लागू रहेगा।
🔹 उपनगरीय यात्रियों को राहत
शहरी और महानगरीय क्षेत्रों में यात्रा करने वालों के लिए राहत की खबर है। उपनगरीय ट्रेनों के सिंगल टिकट में कोई बदलाव नहीं सीजन टिकट (उपनगरीय और गैर-उपनगरीय दोनों) की दरें भी यथावत रखी गई हैं। रेलवे ने यह भी कहा है कि नई किराया दरें केवल 26 दिसंबर 2025 या उसके बाद बुक किए गए टिकटों पर ही लागू होंगी। इससे पहले जारी किए गए टिकटों पर कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। स्टेशनों पर प्रदर्शित किराया सूचियों को भी नई दरों के अनुसार अपडेट किया जा रहा है।


