बीबीएन, बीकानेर | धर्मनगरी बीकानेर में आध्यात्मिक वातावरण के बीच श्रीकृष्ण कथा का विधिवत शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान के तत्वावधान में 27 दिसंबर से 2 जनवरी 2026 तक आयोजित होने वाली इस सात दिवसीय श्रीकृष्ण कथा में प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक कथा वाचन किया जाएगा। कथा का आयोजन पूगल रोड स्थित माखनभोग उत्सव कुंज में किया जा रहा है।
कार्यक्रम की शुरुआत माखनभोग उत्सव कुंज से निकली मंगल कलश यात्रा से हुई, जो एम.एम. ग्राउंड, जस्सूसर गेट और कोठारी अस्पताल मार्ग से होते हुए पुनः कथा स्थल पर संपन्न हुई। इस अवसर पर वरिष्ठ उद्योगपति कन्हैयालाल बोथरा, बीकानेर जिला उद्योग संघ अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया, उद्योगपति अरविंद मिड्ढा और युवा उद्यमी पिंटू राठी ने ध्वज फहराकर यात्रा को रवाना किया।
दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान के प्रचारक स्वामी प्रेमप्रकाशानंद, साध्वी गोपिका भारती एवं साध्वी कंचनमुक्ता भारती ने बताया कि संस्थान समाज में आध्यात्मिक चेतना के साथ-साथ गौ संरक्षण, नशा मुक्ति, महिला सशक्तिकरण, दिव्यांग कल्याण, कैदी सुधार, वंचित बच्चों की शिक्षा और सामाजिक समानता जैसे क्षेत्रों में निरंतर कार्य कर रहा है।
संस्थान की ओर से जानकारी दी गई कि 27 दिसंबर से श्रीकृष्ण कथा का वाचन सर्वश्री आशुतोष महाराज जी की शिष्या, कथा व्यास साध्वी सुश्री जयंती भारती द्वारा किया जाएगा। कथा के माध्यम से श्रीकृष्ण के जीवन, कर्म और संदेशों को सरल एवं भावपूर्ण रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।
कलश यात्रा और उद्घाटन कार्यक्रम में शहर के अनेक गणमान्य नागरिकों के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग और श्रीकृष्ण भक्त शामिल हुए। पूरे मार्ग में भक्तिमय वातावरण और जयकारों से शहर का माहौल आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया।




