बीबीएन, बीकानेर | शहीद दिवस और श्री गुरु गोविंद सिंह जयंती के अवसर पर शनिवार को बीकानेर के धरणीधर मैदान में हिंदू जागरण मंच द्वारा हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन में सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय चेतना और सांस्कृतिक एकता के संदेश को केंद्र में रखा गया है। कार्यक्रम में हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों के साथ सिख संतों की सहभागिता, सामूहिक भोजन-प्रसाद, देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति और बाल कलाकारों के सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रमुख आकर्षण रहेंगे।
आयोजकों के अनुसार, यह सम्मेलन हर वर्ष समाज को एकजुट करने के उद्देश्य से आयोजित किया जाता है। मंच से श्री गुरु गोविंद सिंह जी के जीवन, उनके त्याग और उनके परिवार के बलिदान पर प्रकाश डाला जाएगा। सिख संत अपने उद्बोधन के माध्यम से साहस, धर्म और राष्ट्रसेवा के मूल्यों को साझा करेंगे।
सम्मेलन का एक महत्वपूर्ण पक्ष सामाजिक समरसता है। इसके तहत उपस्थित नागरिकों और कार्यकर्ताओं को जाति, धर्म और पंथ से ऊपर उठकर एक साथ बैठाकर भोजन-प्रसाद कराया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि यह पहल समाज में आपसी सौहार्द और समानता की भावना को मजबूत करती है।
कार्यक्रम की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। आयोजन स्थल पर अनुशासन, व्यवस्था और सहभागिता को लेकर विशेष प्रबंध किए गए हैं। सम्मेलन के दौरान नन्हे बालकों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी, वहीं देशभक्ति गीतों से वातावरण को राष्ट्रभाव से ओतप्रोत किया जाएगा। आयोजक संस्था ने शहरवासियों और आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस आयोजन में सहभागिता करें और सामाजिक एकता के संदेश को सशक्त बनाएं।




