⭕ डॉ. छगन मोहता स्मृति व्याख्यानमाला का आयोजन कल
बीबीएन,बीकानेर। प्रख्यात दार्शनिक डॉ. छगन मोहता की पुण्य स्मृति में बीकानेर प्रोढ़ शिक्षण समिति द्वारा निरंतर आयोजित की जा रही डॉ. छगन मोहता स्मृति व्याख्यानमाला अपने विचारों के 21वें पड़ाव पर पहुँच गई है। अब तक इस श्रृंखला में 20 विशिष्ट व्याख्यान संपन्न हो चुके हैं, जिन्होंने समाज, दर्शन, साहित्य और शिक्षा के विविध आयामों को छुआ है।
इस व्याख्यानमाला की शुरुआत श्रीगणेश इतिहासवेत्ता धर्मपाल के व्याख्यान से हुई थी। अब तक इस मंच को दार्शनिक रमेशचंद्र शाह, अर्थशास्त्री प्रो. विजयशंकर व्यास, कवि-आलोचक अशोक वाजपेयी, शिक्षाशास्त्री अनिल बॉर्डिया, कवि गिरधर राठी, धर्मसंघ अधिष्ठाता आचार्य श्रीमहाप्रज्ञ, इस्लाम के अध्येता प्रो. अक्तरुल वासे, आलोचक डॉ. पुरुषोत्तम अग्रवाल, शायर शीन काफ निज़ाम, तथा विचारक हरिराम मीणा जैसे अनेक नामचीन व्यक्तित्वों ने अपनी उपस्थिति से गरिमा प्रदान की है।
इस वर्ष की 21वीं कड़ी में आर्थिक जगत के चर्चित विचारक प्रो. अरुण कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वे ‘भारत में बेरोजगारी और असंगठित क्षेत्र का अदृश्य होना’ विषय पर अपना व्याख्यान देंगे एक ऐसा विषय जो वर्तमान सामाजिक-आर्थिक परिदृश्य में गहरी प्रासंगिकता रखता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रतिष्ठित विचारक एवं चिंतक नंदकिशोर आचार्य करेंगे। बीकानेर की यह व्याख्यानमाला न केवल बौद्धिक संवाद का मंच बन चुकी है, बल्कि यह शहर की साहित्यिक-सांस्कृतिक धरोहर को भी नई दिशा दे रही है।
—


