बीबीएन,बीकानेर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के सफल एवं व्यापक आयोजन को लेकर माध्यमिक शिक्षा निदेशालय राजस्थान ने सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों के लिए महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। आदेश के अनुसार प्रदेश के सभी विद्यालयों को 15 जून 2026 तक ‘योग संगम पोर्टल-2026’ पर अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराना होगा। वहीं 21 जून को आयोजित होने वाले योग दिवस कार्यक्रम में शामिल विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और अन्य आगंतुकों की उपस्थिति संबंधी जानकारी संबंधित पोर्टल पर दोपहर 12 बजे तक अपलोड करनी होगी। इसके साथ ही आयोजन की लाइव स्ट्रीमिंग, प्रतिभागियों की संख्या और फोटो अपलोड करने सहित विस्तृत रिपोर्टिंग को भी अनिवार्य बनाया गया है।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक एवं समग्र शिक्षा अभियान (समसा) के अतिरिक्त राज्य परियोजना निदेशक (वरिष्ठ) सीताराम जाट द्वारा जारी निर्देशों में कहा गया है कि सभी शिक्षण संस्थान अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रमों का व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करें और निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी सूचनाएं ऑनलाइन पोर्टल पर उपलब्ध कराएं। विभाग ने इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।
आदेश के अनुसार 21 जून को मुख्य आयोजन संपन्न होने के बाद विद्यालयों को योग संगम पोर्टल पर प्रतिभागियों की संख्या संबंधी विवरण और कम से कम दो फोटो अपलोड करनी होंगी। साथ ही सभी मुख्य जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने क्षेत्राधिकार में आयोजित गतिविधियों की प्रगति रिपोर्ट, पांच फोटो और दो वीडियो ई-मेल के माध्यम से शाम 5 बजे तक निदेशालय को भेजना सुनिश्चित करें।
डिजिटल मॉनिटरिंग पर शिक्षा विभाग का विशेष फोकस
इस बार योग दिवस आयोजन को केवल एक औपचारिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखा गया है। शिक्षा विभाग ने पंजीकरण, उपस्थिति, फोटो-वीडियो दस्तावेजीकरण और लाइव प्रसारण को जोड़कर पूरे आयोजन को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ट्रैक करने की व्यवस्था बनाई है। इससे राज्य स्तर पर यह पता लगाया जा सकेगा कि कितने विद्यालयों ने भाग लिया, कितने विद्यार्थियों और शिक्षकों ने योग किया तथा किस जिले में कार्यक्रमों की पहुंच सबसे अधिक रही।
हर साल बढ़ रहा है योग दिवस का दायरा
संयुक्त राष्ट्र द्वारा 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित किए जाने के बाद से भारत में इसकी भागीदारी लगातार बढ़ रही है। राजस्थान में भी लाखों विद्यार्थी, शिक्षक और आमजन हर वर्ष योग दिवस कार्यक्रमों में हिस्सा लेते हैं। शिक्षा विभाग का मानना है कि विद्यालय स्तर पर योग गतिविधियों के विस्तार से बच्चों में शारीरिक फिटनेस, मानसिक स्वास्थ्य और अनुशासन को बढ़ावा मिलेगा।



