बीबीएन,बीकानेर। आगामी 19 जुलाई को भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ निकलेगी। अंतर्राष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (इस्कॉन) के तत्वावधान में आयोजित होने वाली यह यात्रा नाथूसर गेट से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए अग्रसेन भवन, गोगा गेट पहुंचेगी। यात्रा के दौरान भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के दिव्य विग्रहों का नगर भ्रमण, हरिनाम संकीर्तन, भजन-कीर्तन, पुष्पवर्षा और महाप्रसादी का आयोजन इसकी प्रमुख विशेषताएं रहेंगी।
आध्यात्मिक उल्लास के बीच निकलेगी रथ यात्रा
बीकानेर में इस्कॉन द्वारा आयोजित भगवान श्री जगन्नाथ की रथ यात्रा इस वर्ष 19 जुलाई को सायं 4 बजे नाथूसर गेट से प्रारंभ होगी। श्रद्धालुओं के बीच इस आयोजन को लेकर व्यापक उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में भक्तों के शामिल होने की संभावना है। रथ में भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के सुसज्जित विग्रह विराजमान रहेंगे। पूरे मार्ग में श्रद्धालु “हरे कृष्ण” महामंत्र का संकीर्तन, भजन और नृत्य करते हुए प्रभु की आराधना करेंगे, जिससे शहर का वातावरण भक्तिमय हो उठेगा।
शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरेगी यात्रा
आयोजन के अनुसार रथ यात्रा नाथूसर गेट, मोहता चौक, दाऊजी रोड, जगन्नाथ मंदिर, लेडी एल्गिन स्कूल, बड़ा बाजार और गोगा गेट सर्कल से होते हुए अग्रसेन भवन पहुंचेगी। मार्ग में श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्थाओं के लिए स्वयंसेवकों की विशेष तैनाती रहेगी।
पुष्पवर्षा, स्वागत मंच और महाप्रसादी होंगे आकर्षण
यात्रा के दौरान विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और व्यापारिक संस्थाएं भगवान जगन्नाथ के रथ का पुष्पवर्षा के साथ स्वागत करेंगी। अनेक स्थानों पर स्वागत मंच बनाए जाएंगे, जहां श्रद्धालु प्रभु के दर्शन करेंगे। समापन स्थल अग्रसेन भवन में हरिनाम संकीर्तन, भजन-कीर्तन और महाप्रसादी का आयोजन होगा, जिसमें सभी श्रद्धालु सहभागिता कर सकेंगे।
शहरवासियों से सहभागिता की अपील
इस्कॉन बीकानेर ने नागरिकों से परिवार सहित रथ यात्रा में शामिल होकर भगवान श्री जगन्नाथ के दर्शन करने तथा हरिनाम संकीर्तन में सहभागिता निभाने का आग्रह किया है।




