बीबीएन, नेटवर्क। भारतीय सेना ने भर्ती वर्ष 2027 के लिए आयोजित होने वाली ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) प्रक्रिया को लेकर बड़ा अपडेट जारी किया है। सेना भर्ती के विभिन्न पदों के लिए होने वाली यह परीक्षा 1 जून से 12 जून 2026 तक राजस्थान के 11 शहरों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड जारी होने शुरू हो गए हैं, जिन्हें उम्मीदवार 15 मई 2026 से Join Indian Army वेबसाइटपर जाकर डाउनलोड कर सकेंगे।
भारतीय सेना की ओर से जारी जानकारी के अनुसार ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम राजस्थान के अजमेर, अलवर, बीकानेर, भरतपुर, हनुमानगढ़, जयपुर, जोधपुर, कोटा, श्रीगंगानगर, सीकर और उदयपुर सहित 11 शहरों के 32 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगा। परीक्षा विभिन्न सैन्य श्रेणियों में भर्ती के लिए आयोजित की जा रही है।
सेना भर्ती परीक्षा में अग्निवीर (सामान्य ड्यूटी), अग्निवीर (तकनीकी), अग्निवीर (कार्यालय सहायक/स्टोर कीपर तकनीकी), अग्निवीर ट्रेड्समैन (10वीं एवं 8वीं पास), अग्निवीर सामान्य ड्यूटी महिला सैन्य पुलिस, सैनिक तकनीकी (एनए/एनए चिकित्सा), सिपाही फार्मा, हवलदार शिक्षा (सूचना प्रौद्योगिकी/साइबर, सूचनात्मक कार्यवाही एवं भाषाविद) तथा धार्मिक शिक्षक जूनियर कमीशंड अधिकारी श्रेणियों के लिए परीक्षा आयोजित की जाएगी।
सेना भर्ती से जुड़े अधिकारियों ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षा तिथि, केंद्र और दिशा-निर्देशों की जानकारी समय रहते अपने एडमिट कार्ड से सुनिश्चित कर लें। परीक्षा कार्यक्रम श्रेणीवार भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिया गया है। किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या, सहायता या जानकारी के लिए उम्मीदवार संबंधित सेना भर्ती कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। भर्ती कार्यालयों के पते और संपर्क विवरण भी भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।
रक्षा जनसंपर्क अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल निखिल धवन ने बताया कि अभ्यर्थियों को केवल आधिकारिक वेबसाइट से ही एडमिट कार्ड डाउनलोड करने चाहिए तथा किसी भी भ्रामक सूचना से बचना चाहिए।



