बीबीएन,बीकानेर। महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में पेट्रोल और डीज़ल चोरी की लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद भारतीय सेना ने अब ठोस कदम उठाते हुए आसपास के गांवों के सरपंचों और संबंधित थानों को लिखित चेतावनी भेजी है। पहली बार जारी इस आधिकारिक नोटिस में यह स्पष्ट कर दिया गया है कि प्रतिबंधित क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की स्थिति में हथियारबंद संतरी को नियमानुसार कार्रवाई का अधिकार होगा। इससे ग्रामीण इलाकों में सतर्कता के साथ हलचल भी बढ़ गई है।
जारी पत्र में कहा गया है कि रेंज में रात के समय गश्त पर तैनात सैन्य संतरी हथियार के साथ ड्यूटी करेंगे। यदि कोई व्यक्ति चोरी, तोड़फोड़, अवैध प्रवेश या किसी अन्य गैरकानूनी गतिविधि में पकड़ा जाता है, तो संतरी स्थितियों के अनुरूप हथियार का उपयोग कर सकता है। सेना ने स्पष्ट कर दिया है कि ऐसे किसी भी अप्रिय परिणाम के लिए व्यक्ति स्वयं जिम्मेदार होगा, न कि रेंज प्रशासन इस सख़्ती के पीछे हाल ही में उजागर हुए पेट्रोल-डीजल चोरी के मामले हैं, जिनमें जांच के दौरान आसपास के कई गांवों के लोगों पर संदेह जताया गया था। इसके बाद रेंज प्रशासन ने सुरक्षा बढ़ाने, घुसपैठ रोकने और निगरानी व्यवस्था को और कड़ा करने का निर्णय लिया।
सेना ने गांवों के सरपंचों को निर्देश दिए हैं कि वे इस चेतावनी को तत्काल ग्रामीणों तक पहुंचाएं ताकि कोई भी व्यक्ति लापरवाही या अनभिज्ञता में रेंज की सीमाएं न लांघे। पत्र में दोहराया गया है कि भविष्य में यदि कोई घटना घटती है, तो उसकी जिम्मेदारी पूर्णतः संबंधित व्यक्ति की रहेगी। रेंज से सटे उत्तर, पूर्व, पश्चिम और दक्षिण कैंप क्षेत्रों के गांवों को विशेष रूप से अलर्ट जारी किया गया है, क्योंकि यही इलाके हाल की चोरी की घटनाओं से सबसे अधिक प्रभावित रहे हैं। सेना के वाहनों से बड़े पैमाने पर ईंधन चोरी का खुलासा होने के बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल को तत्काल संशोधित किया गया है।
पुलिस थानों को भी हिदायत
महाजन, लूणकरणसर, छतरगढ़ और राजियासर थानों को भी लिखित रूप से सतर्क करते हुए सेना ने आसपास के हिस्सों में अतिरिक्त गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों की मॉनिटरिंग तथा किसी भी अनधिकृत प्रवेश को रोकने के लिए समन्वित कार्रवाई का आग्रह किया है। पुलिस ने गांवों में सचेतना अभियान भी शुरू कर दिया है इस नए सुरक्षा प्रावधान पर निर्णय एडमिन कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल अजेय ग्रेवाल की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में लिया गया। माना जा रहा है कि कठोर कदम लागू होने के बाद रेंज क्षेत्र में चोरी व सुरक्षा उल्लंघन की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगेगा।
—


