बीबीएन,बीकानेर। पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी उद्योग को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में बीकानेर में पहली बार “बीकानेर मेगा डेस्टिनेशन वेडिंग एंड हॉस्पिटैलिटी कॉन्क्लेव” आयोजित किया जाएगा। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के बीकानेर संभाग अध्यक्ष कुशाल पारीक ओर संरक्षक गोपाल अग्रवाल ने पत्रकारों को बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य बीकानेर को डेस्टिनेशन वेडिंग, पर्यटन और आतिथ्य उद्योग के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करना है।
कार्यक्रम में राज्य सरकार के प्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, पर्यटन विशेषज्ञ, होटल उद्योग से जुड़े उद्यमी, निवेशक और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ एक मंच पर जुटेंगे। आयोजन के दौरान पर्यटन निवेश, रोजगार, आधुनिक हॉस्पिटैलिटी और वैश्विक स्तर पर बीकानेर की ब्रांडिंग जैसे विषयों पर मंथन होगा।
11 जुलाई को कपिल धरा में होगा आयोजन
होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान (बीकानेर संभाग) की ओर से यह कॉन्क्लेव 11 जुलाई को शाम 6 बजे कपिल धरा में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ होगा। इसके बाद स्वागत भाषण, अतिथियों का सम्मान और विभिन्न विशेषज्ञों के संबोधन होंगे।
डेस्टिनेशन वेडिंग और पर्यटन को मिलेगी नई दिशा
आयोजकों का मानना है कि बीकानेर की ऐतिहासिक धरोहर, संस्कृति, विरासत, राजस्थानी आतिथ्य और भव्य महलों को वैश्विक स्तर पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर शहर को डेस्टिनेशन वेडिंग और पर्यटन उद्योग का महत्वपूर्ण केंद्र बनाया जा सकता है। इससे होटल व्यवसाय, स्थानीय रोजगार, निवेश और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
राष्ट्रीय विशेषज्ञ साझा करेंगे अनुभव
कार्यक्रम में पर्यटन, हॉस्पिटैलिटी और वेडिंग इंडस्ट्री से जुड़े विशेषज्ञ आधुनिक ट्रेंड, मार्केटिंग रणनीति, डिजिटल ब्रांडिंग, निवेश के अवसर और उद्योग की नई संभावनाओं पर अपने विचार रखेंगे। आयोजकों के अनुसार यह संवाद भविष्य की योजनाओं के लिए उपयोगी साबित होगा।
एक मंच पर आएंगे उद्योग, प्रशासन और निवेशक
कॉन्क्लेव में होटल संचालकों, पर्यटन व्यवसायियों, प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और निवेशकों के बीच समन्वय स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि बीकानेर के पर्यटन विकास के लिए ठोस रणनीति तैयार हो सके।





