🏆⚽ रोमांच से भरा पहला मुकाबला, जोधपुर को 5-4 से मात
बीबीएन, बीकानेर | राज्य स्तरीय 31वें मास्टर बच्ची गोल्ड कप फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ उत्साहपूर्ण वातावरण में गुरुवार को हुआ। उद्घाटन मुकाबले में आरएसी बीकानेर और जोधपुर अकादमी के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला, जिसका निर्णय पेनल्टी शूटआउट में हुआ। निर्धारित समय तक मुकाबला 1-1 की बराबरी पर समाप्त रहने के बाद पेनल्टी में बीकानेर ने 5-4 से जीत दर्ज कर प्रतियोगिता में शानदार शुरुआत की।
मैच के पहले हाफ में आरएसी बीकानेर की ओर से युवराज ने सटीक फिनिश के साथ गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। मध्यांतर के बाद जोधपुर अकादमी ने आक्रामक खेल दिखाया और दूसरे हाफ में यशवंत ने गोल कर स्कोर बराबर कर दिया। इसके बाद दोनों टीमों के बीच रोमांच अपने चरम पर रहा और अंततः पेनल्टी शूटआउट में बीकानेर की टीम ने बेहतर संयम दिखाते हुए मुकाबला अपने नाम किया।
प्रतियोगिता के औपचारिक उद्घाटन समारोह में उद्यमी श्यामसुंदर सोनी, अर्जुन अवार्डी मगन सिंह राजवी, शिवकुमार पुरोहित, अशोक शर्मा, बार अध्यक्ष अजय पुरोहित, समाजसेवी राजेश चूरा, एन.डी. रंगा और कैलाश खरखोदिया बतौर अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और प्रतीकात्मक किक लगाकर पांच दिवसीय टूर्नामेंट का विधिवत शुभारंभ किया।
मैच का संचालन रेफरी करमवीर, लक्ष्य मंडा और त्रिलोकराम ने किया। आयोजन समिति की ओर से अध्यक्ष सुनील बांठिया और सचिव भरत पुरोहित ने अतिथियों का स्वागत किया। मीडिया प्रभारी हर्षित बिस्सा के अनुसार, प्रतियोगिता के दूसरे दिन शुक्रवार को दो मुकाबले खेले जाएंगे—पहला एमयूएफसी बनाम ब्रदर्स क्लब और दूसरा यूथ क्लब जोधपुर बनाम हनुमानगढ़ के बीच होगा।



