बीबीएन,बीकानेर । बीकानेर जिला उद्योग संघ की नई आर्ट व संविधान गैलेरी ने उत्तर रेलवे के मुख्य वाणिज्यिक प्रबंधक और बीकानेर के पूर्व मंडल रेल प्रबंधक डॉ. आशीष कुमार का ध्यान खींचा। अपने निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि इस गैलेरी में बीकानेर की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, धार्मिक और औद्योगिक विरासत को जिस तरह एक ही छत के नीचे प्रस्तुत किया गया है, वह इसे एक ‘मिनी पर्यटन केंद्र’ का दर्जा देने योग्य बनाता है।

गैलेरी में रियासतकालीन बीकानेर से लेकर आज के आधुनिक शहर तक की रूपरेखा, धर्मस्थलों से लेकर उद्योग-धंधों तक का विस्तार, तीज–त्योहारों से लेकर रम्मतों तक की परंपराएं और संविधान निर्माताओं की प्रतिमाओं सहित कई आकर्षण मौजूद हैं। निरीक्षण के बाद डॉ. आशीष कुमार ने कहा कि यह गैलेरी आने वाली पीढ़ियों के लिए बीकानेर की आत्मा को समझने का सशक्त माध्यम साबित होगी। उन्होंने मेडिसिन विंग के निरीक्षण के दौरान भी इसे बीकानेर संभाग के मरीजों के लिए सराहनीय पहल बताया।
संघ अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने कहा कि गैलेरी का मुख्य उद्देश्य बच्चों को मोबाइल निर्भरता से बाहर निकालकर उनके मानसिक और सांस्कृतिक विकास को नई दिशा देना है, ताकि वे पुराने खेलों, परंपराओं और स्थानीय उद्योगों को समझकर भविष्य की राह तय कर सकें। गैलेरी में सभी फोटो वरिष्ठ फोटो जर्नलिस्ट अज़ीज़ भुट्टा के संग्रह से लिए गए हैं। इस अवसर पर जेडआरयूसीसी सदस्य नरेश मित्तल, अनन्तवीर जैन और सीए सुधीश शर्मा भी उपस्थित रहे।
—


