बीबीएन,बीकानेर। लोकराग फाउंडेशन और रोटरी क्लब बीकानेर रॉयल्स द्वारा ‘निरामय’ स्वास्थ्य जागरूकता अभियान के तहत स्पोर्ट्स इंजरी अवेयरनेस ड्राइव आयोजित की गई, जिसमें 212 खेल विद्यार्थियों को चोटों की पहचान, प्राथमिक उपचार और रोकथाम से जुड़े महत्वपूर्ण प्रशिक्षण प्रदान किए गए। मुख्य वक्ता हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. मोहम्मद आरिफ ने खिलाड़ियों को सचेत करते हुए कहा कि किसी भी दर्द, खिंचाव या चोट को नज़रअंदाज़ करना गंभीर समस्या बन सकता है। उन्होंने कहा कि अनियंत्रित प्रोटीन सप्लीमेंट्स, गलत सलाह और अवैज्ञानिक उपचार खिलाड़ी के भविष्य को जोखिम में डाल देते हैं, इसलिए केवल विशेषज्ञ चिकित्सक का मार्गदर्शन ही सुरक्षित विकल्प है।
उन्होंने स्प्रेन, स्ट्रेन, RICE पद्धति में बर्फ के सही उपयोग, हीट और कोल्ड थेरेपी के समय, वार्म-अप, ओवरयूज़ इंजरी, कंकशन के लक्षण, घुटने व एंकल चोटों की रोकथाम और कंधे की सुरक्षा पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि रिकवरी का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा आराम है और खेल में वापसी तभी हो जब चिकित्सकीय अनुमति मिल जाए।
कार्यक्रम में बीकानेर पश्चिम के विधायक जेठानंद व्यास मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि वर्तमान में खिलाड़ियों को मिलने वाली 122 रुपये प्रतिदिन की डाइट राशि अपर्याप्त है, इसलिए इसे 200 रुपये या उससे अधिक किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने इस मुद्दे को विधानसभा में उठाने का आश्वासन दिया और बीकानेर में खेल विश्वविद्यालय तथा खेल कॉलेज स्थापना के ongoing प्रयासों की जानकारी भी साझा की।
लोकराग फाउंडेशन के डायरेक्टर योगेश खत्री ने बताया कि संस्था विभिन्न जागरूकता अभियानों के माध्यम से छात्रों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित कर रही है। स्पोर्ट्स स्कूल के प्राचार्य अजयपाल सिंह शेखावत ने कहा कि विशेषज्ञों द्वारा साझा की गई जानकारी खिलाड़ियों के लिए आजीवन उपयोगी साबित होगी। उप प्रधानाचार्य विक्रम सिंह ने साधनों और खिलाड़ियों की डाइट जैसे मुद्दों पर ध्यान आकर्षित किया, जिन पर विधायक ने सकारात्मक पहल का भरोसा दिया।
सुरेंद्र कुमार पुरोहित, प्रकाश सारस्वत, विजय तोलिया, प्रशांत अचार्य, गिरधारी गोदारा, कल्पना मैडम, सुभाष बढ़िया, सुनील दत्त रंगा, सुभाष गोदारा, सुमन भादू, प्रदीप गहलोत, कालूराम और घोष अहमद सहित अनेक सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत किया समापन अवसर पर नरेश मारू, निखिल स्वामी और प्रेमपाल द्वारा विधायक जेठानंद व्यास, मुख्य वक्ता डॉ. आरिफ और विद्यालय परिवार के डॉ. विक्रम सिंह को स्मृति चिन्ह व शॉल प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डायरेक्टर रोटे आनंद आचार्य ने किया।
—





