बीबीएन, बीकानेर। राजस्थान हाईकोर्ट ने राज्यभर में न्यायिक प्रशासन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बड़े स्तर पर न्यायिक अधिकारियों के तबादले किए हैं। जारी दो अलग-अलग ट्रांसफर सूचियों में कुल 631 न्यायिक अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल के तहत बीकानेर में 18 अधिकारियों की नियुक्ति की गई है, जबकि कई अधिकारियों का स्थानांतरण यहां से अन्य जिलों में हुआ है। खास बात यह रही कि लंबे समय से रिक्त पड़े कई महत्वपूर्ण पदों को भी इस आदेश के जरिए भर दिया गया है।
हाईकोर्ट की ओर से जारी आदेशों के अनुसार, मधु हिसारिया को जोधपुर से बीकानेर में एडीजे-5 के पद पर नियुक्त किया गया है। वहीं प्रमोद बंसल को एडीजे-1 की जिम्मेदारी दी गई है। राजेश गजरा को महिला उत्पीड़न मामलों से संबंधित न्यायालय में एएसजे पद सौंपा गया है, जबकि प्रियंकर सियाग को एससी-एसटी कोर्ट में एएसजे नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त नेहा शर्मा को एडीजे-2, कृष्ण कांत को एडीजे-4 तथा नवनीत को एडीजे-6 की जिम्मेदारी दी गई है। खाजूवाला में रमेश कुमार और नोखा में वीरेंद्र कुमार को एडीजे पद पर पदस्थापित किया गया है।
बीकानेर न्यायिक व्यवस्था में प्रशासनिक स्तर पर भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। मीनाक्षी तिवाड़ी को बीकानेर का नया सीजेएम बनाया गया है। वहीं मनीष शर्मा को एसीजेएम-1, टिकंकल को एसीजेएम-4 तथा पंकज को एसीजेएम-3 की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा अभिनंदन जैन को सिविल जज एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट के रूप में नियुक्त किया गया है। कोमल व्यास को एनआई एक्ट से जुड़े मामलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। श्रीडूंगरगढ़ में अजित सिंह, खाजूवाला में हुकमचंद तथा मोनिका को भी नई जिम्मेदारियां मिली हैं। न्यायिक अधिकारियों के इस बड़े स्तर पर हुए फेरबदल को प्रशासनिक दक्षता और लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
बीकानेर से बाहर भेजे गए अधिकारी
हाईकोर्ट के आदेश के तहत बीकानेर से भी कई न्यायिक अधिकारियों का तबादला अन्य जिलों में किया गया है। इनमें रेना शर्मा, विकास कालेर, साक्षी भांगू, श्वेता भारद्वाज, राहुल, चंद्रशेखर, आशीष जयपाल, पारुल पारिक और विनोद गुप्ता शामिल हैं।
न्यायिक अधिकारियों के व्यापक तबादलों के बाद प्रदेशभर की जिला अदालतों में प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में नई पोस्टिंग के अनुसार कार्यभार ग्रहण करने की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।




