🔵 750 से ज्यादा साइक्लिस्ट होंगे शामिल, 27 लाख के पुरस्कार
बीबीएन,बीकानेर। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल की पहल पर बीकानेर में पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर की ‘वेदांता टूर डी थार’ साइकिल रैली 23 नवंबर की सुबह 6.30 बजे शुरू होगी। यह आयोजन सांसद खेल महोत्सव-2025, फिट इंडिया अभियान, युवा मामले एवं खेल मंत्रालय तथा साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के तकनीकी सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। रैली में भारत के विभिन्न राज्यों, फ्रांस, जर्मनी, स्विट्ज़रलैंड, और सिंगापुर के 750 से अधिक साइक्लिस्ट भाग लेंगे, जिनमें 250 प्रतिभागी बीकानेर से होंगे। रैली 100 और 200 किमी की श्रेणियों में आयोजित होगी तथा कुल 27 लाख रुपये के पुरस्कार दिए जाएंगे।
रैली की रूपरेखा और सुरक्षा व्यवस्था
सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने बताया कि साइकिल को पर्यावरण संरक्षण, कार्बन उत्सर्जन में कमी और स्वस्थ जीवनशैली का प्रमुख साधन मानते हुए इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन की परिकल्पना की गई है। उन्होंने कहा कि जिस तरह फ्रांस का ‘टूर डी फ्रांस’ दुनिया भर में प्रसिद्ध है, उसी तरह बीकानेर में टूर डी थार को एक नई वैश्विक पहचान दी जाएगी।
रैली की शुरुआत सुबह 8:15 बजे भारतमाला एक्सप्रेसवे पर नौरंगदेसर से होगी और देसलसर तक 50 किलोमीटर की पूरी एक लेन को ट्रैफिक फ्री रखा जाएगा, ताकि धावक सुरक्षित वातावरण में प्रतिस्पर्धा कर सकें।
प्रतिभागियों की संख्या और आयु वर्ग
मेघवाल के अनुसार रैली में 662 पुरुष और 124 महिला साइकिलिस्ट भाग लेंगे। आयु वर्ग को तीन श्रेणियों में विभाजित किया गया है।
16–30 वर्ष
31–45 वर्ष
45 वर्ष से अधिक ओपन कैटेगरी में किसी भी उम्र का प्रतिभागी भाग ले सकेगा।
पुरस्कार और विशेषज्ञ श्रेणियां
रैली में कुल 27 लाख रुपये के पुरस्कार निर्धारित हैं।
प्रोफेशनल एलिट वर्ग में शीर्ष 10 प्रतिभागियों को क्रमशः
1,25,000 / 90,000 / 75,000 / 60,000 / 50,000 / 40,000 / 35,000 / 30,000 / 20,000 / 15,000 रुपये के पुरस्कार दिए जाएंगे।
100 किमी एमेच्योर ग्रुप में
— प्रथम: 70,000 रुपये
— द्वितीय: 55,000 रुपये
— तृतीय: 45,000 रुपये
आयुवर्ग श्रेणियों में
— प्रथम: 40,000 रुपये
— द्वितीय: 30,000 रुपये
— तृतीय: 25,000 रुपये
रायसर में होगा पुरस्कार समारोह
रैली का पुरस्कार वितरण समारोह 23 नवंबर की शाम 6 बजे रायसर स्थित भाटी डेज़र्ट कैंप में आयोजित होगा। कार्यक्रम में सांस्कृतिक संध्या भी होगी। आयोजन के समन्वयक सुरेंद्र कूकणा होंगे। कार्यक्रम में फ्रांस के पीयर मिलबर्ड, ग्लोबल हैप्पीनेस फाउंडेशन के श्याम अग्रवाल, चंपालाल गैदर, श्याम पंचारिया, महावीर रांका, अशोक प्रजापत, दीपक पारीक सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
—


