⭕ मेघवाल की पहल पर पहली बार थार में आयोजित हुई मेगा साइक्लिंग रेस
बीबीएन, बीकानेर | थार के सुनहरे विस्तार में पहली बार आयोजित 200 किमी लंबी ‘वेदांता टूर डी थार’ अंतरराष्ट्रीय साइक्लिंग रेस रविवार देर शाम एक रंगारंग समारोह के साथ सम्पन्न हुई। सांसद खेल महोत्सव–2025 के अंतर्गत आयोजित इस भव्य प्रतियोगिता में केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल मुख्य अतिथि रहे। समापन समारोह में देश-दुनिया से आए साइक्लिस्टों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सिंगापुर के कानून मंत्री एडविन टोंग ने लाइव संदेश भेजकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।
इस अवसर पर फिट इंडिया के वरिष्ठ अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन, उद्योग समूहों तथा खेल संगठनों के प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
एलिट पुरुष वर्ग: 100 किमी रेस में शीर्ष 10 हुए सम्मानित
एलिट कैटेगरी के 100 किमी पुरुष वर्ग में साहिल कुमार, विश्वजीत सिंह, सचिन देसाई, मुकेश कस्वां, सूर्या थट्टू, वैंकप्पा केंगांलागुट्टी, अरशद फरीदी, चिराग सहगल, अदवैथ शंकर एसएस और कृष्णा नायाकोडी शीर्ष दस खिलाड़ियों में शामिल रहे।
एलिट महिला वर्ग: शीर्ष 10 खिलाड़ियों ने रचा इतिहास
महिलाओं की 100 किमी रेस में क्रमशः स्वास्ति सिंह, सौम्या अंतापुर, हर्षिता जाखड़, दानाम्मा, वैष्णवी गाभाने, सुहानी कुमारी, योगेश्वरी कदम, पारूल, आरती, कृष्णा चौधरी ने शीर्ष स्थान प्राप्त किए।
एमेच्योर कैटेगरी: 200 व 100 किमी में उभरे नए सितारे
200 किमी पुरुष वर्ग में अनूप कुमार, संजीव शर्मा एवं बजरंग गोदारा ने शीर्ष तीन स्थान हासिल किए। महिला वर्ग में अर्पिताकेतन पंडिया और रानी महेश्वरी विजेता रहीं। 100 किमी महिला वर्ग में बरनाली महेला, सिद्धि वाफेलकर, अनामिका वर्मा तथा पुरुष वर्ग में हर्ष पंवार, विनय गोस्वामी, मलय गुप्ता शीर्ष पर रहे।
27 लाख रुपये के पुरस्कार: नई प्रतिभाओं को बड़ा मंच
रेस निदेशक वी.एन. सिंह के अनुसार कुल 27 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रतिभागियों को प्रदान की गई। एलिट वर्ग में टॉप–10 को क्रमशः सवा लाख से लेकर 15 हजार रुपये तक दिए गए। अमेच्योर वर्ग में आयु-आधारित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को 75,000, 60,000 और 50,000 रुपये के पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त ओवरऑल थ्री विनर्स को क्रमशः 40,000, 30,000, और 25,000 की राशि से सम्मानित किया गया।
थार की धरती पर खेल, संस्कृति और उत्सव का संगम
समारोह में लोक कलाकार मानसी सिंह पंवार ने राजस्थानी लोकनृत्य प्रस्तुत कर माहौल को जीवंत बनाया। मंच संचालन वी.एन. सिंह और किशोर सिंह ने किया। 200 किमी और 100 किमी की यह रेस थार के कठिन भूगोल, युवा ऊर्जा और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा का अद्वितीय संगम साबित हुई।
—




