बीबीएन,बीकानेर। प्रतिष्ठित उद्योगपति एवं Bikaji Foods International Limited के संस्थापक व सीएमडी Shiv Ratan Agarwal (फन्ना बाबू) के निधन पर शोक की लहर है। उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री Nand Gopal Gupta Nandi ने शुक्रवार को बीकानेर पहुंचकर सादुलगंज स्थित उनके आवास पर श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवार से संवेदना व्यक्त की।
श्रद्धांजलि सभा में शामिल होते हुए मंत्री नन्दी ने फन्ना बाबू को नमन किया और कहा कि उनका निधन उद्योग जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि शिवरतन अग्रवाल ने बीकानेर के पारंपरिक भुजिया उद्योग को वैश्विक पहचान दिलाई और मशीनों के माध्यम से उत्पादन की शुरुआत कर इसे नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।
मंत्री नन्दी ने हाल ही में हुई अपनी बीकानेर यात्रा को याद करते हुए बताया कि कुछ ही दिनों पहले उनकी फन्ना बाबू से मुलाकात हुई थी। फैक्ट्री भ्रमण के दौरान वे खुद हर छोटी-बड़ी बारीकी समझा रहे थे, जिससे उनके काम के प्रति गहरे जुड़ाव का अंदाजा होता है।
उन्होंने कहा कि डिनर के दौरान फन्ना बाबू ने अपने जीवन के कई अनुभव और प्रेरणादायक किस्से साझा किए थे। उनकी सादगी, सरलता और व्यवहारकुशलता ने गहरा प्रभाव छोड़ा। मंत्री नन्दी ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निधन से देश ने एक सफल उद्यमी, विनम्र व्यक्तित्व, अनुभवी मार्गदर्शक और समर्पित समाजसेवी खो दिया है। उनका जाना वैश्य-व्यापारी समाज के लिए एक अभिभावक के साये के उठ जाने जैसा है।
उन्होंने कहा कि फन्ना बाबू का अपनी माटी से गहरा जुड़ाव हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने अपने कार्यों से यह साबित किया कि जड़ों से जुड़े रहकर ही वास्तविक और स्थायी उन्नति संभव है। फन्ना बाबू अपने पीछे सेवा और उद्यम की समृद्ध विरासत छोड़ गए हैं, जो आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।




