बीबीएन,बीकानेर। तीसरी बटालियन राजस्थान आर्म्ड कॉन्स्टेबुलरी (RAC) परिसर में शुक्रवार को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) मंडल बीकानेर द्वारा पुलिस सैलेरी पैकेज से संबंधित एक विशेष सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम के दौरान दिवंगत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी नवरत्न के परिवार को पुलिस सैलेरी पैकेज के तहत 1 करोड़ 10 लाख रुपए की दुर्घटना बीमा क्लेम राशि का चेक सौंपा गया। यह राशि उनकी पत्नी मोनिका और पुत्र कुनाल धारु को प्रदान की गई। समारोह में RAC और SBI के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में यह प्रक्रिया पूरी की गई, जिसे पुलिस विभाग और बैंक के बीच प्रभावी समन्वय तथा त्वरित क्लेम निस्तारण का उदाहरण बताया गया।
सभा में तीसरी बटालियन RAC की कमांडेंट सीमा हिंगोनिया, SBI बीकानेर अंचल के उपमहाप्रबंधक सौम्य रंजन साहू, क्षेत्रीय प्रबंधक सुजित कुमार सुमन, सहायक महाप्रबंधक (डिपॉजिट एवं DVAS) धर्मवीर सहित दोनों संस्थानों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने पुलिस सैलेरी पैकेज के विभिन्न लाभों और सुरक्षा कवच संबंधी प्रावधानों की भी जानकारी दी।
दिवंगत कर्मचारी नवरत्न के परिवार को मिली 1.10 करोड़ रुपए की बीमा सहायता ने यह साबित किया है कि सरकारी कर्मचारियों के लिए उपलब्ध विशेष बैंकिंग योजनाएं कठिन परिस्थितियों में आर्थिक संबल का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकती हैं। कार्यक्रम में बताया गया कि क्लेम प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा किया गया, जिससे परिवार को अनावश्यक औपचारिकताओं और विलंब का सामना नहीं करना पड़ा।
कमांडेंट सीमा हिंगोनिया ने इतनी बड़ी बीमा राशि को कम समय में स्वीकृत और वितरित करने के लिए SBI प्रबंधन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में त्वरित क्लेम निस्तारण पीड़ित परिवारों को आर्थिक और मानसिक दोनों स्तरों पर राहत प्रदान करता है।




