बीबीएन, नेटवर्क। अपनी दैनिक प्रशिक्षण उड़ान पर निकला एक टू-सीटर विमान तकनीकी खराबी के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उड़ान के दौरान विमान का इंजन अचानक बंद हो गया, जिसके बाद पायलट ने इमरजेंसी लैंडिंग का प्रयास किया, लेकिन विमान हार्ड लैंडिंग के दौरान क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में प्रशिक्षु पायलट की जान बच गई और उसे केवल मामूली चोटें आई हैं। घटना के बाद पुलिस, प्रशासन और राहत दल तत्काल मौके पर पहुंच गए। घटना महाराष्ट्र के बारामती क्षेत्र की है।
पुणे के पुलिस अधीक्षक संदीप गिल के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त विमान रेडबर्ड फ्लाइट ट्रेनिंग ऑर्गेनाइजेशन (FTO) से जुड़ा था और नियमित प्रशिक्षण उड़ान पर था। अधिकारियों ने बताया कि विमान ने तकनीकी समस्या आने के बाद नियंत्रित लैंडिंग की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ने से हादसा हो गया। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि विमान में आग नहीं लगने से बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय प्रशासन ने घटनास्थल को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच शुरू कर दी है। विमानन विशेषज्ञों की टीम भी तकनीकी कारणों की पड़ताल कर रही है। शुरुआती जांच में इंजन फेल होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
गौरतलब है कि बारामती क्षेत्र पहले भी विमान हादसों को लेकर सुर्खियों में रह चुका है। इसी वर्ष रेडबर्ड FTO से जुड़ा एक विमान झारखंड के चतरा जिले में दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। वह एयर एंबुलेंस उड़ान पर था और उस हादसे में विमान में सवार सात लोगों की मौत हो गई थी। लगातार सामने आ रहे हादसों के बाद बारामती में फ्लाइट ट्रेनिंग और एयर सेफ्टी प्रोटोकॉल को लेकर फिर बहस तेज हो गई है।
विशेषज्ञों का मानना है कि प्रशिक्षण विमानों की नियमित तकनीकी जांच और सुरक्षा मानकों की कड़ाई से निगरानी आवश्यक है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके। फिलहाल प्रशासन ने दुर्घटनास्थल से मलबा हटाने और तकनीकी साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।




