बीबीएन, नेटवर्क | 58वीं राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप (दिसंबर 2025) में युवा निशानेबाज कनिका राठौड़ ने 10 मीटर एयर पिस्टल अंडर सब-यूथ व यूथ श्रेणी में प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए 600 में से 559 अंक अर्जित किए। यह मुकाबला महाराजा डॉ करणी सिंह शूटिंग रेंज, तुगलकाबाद, नई दिल्ली में आयोजित हुआ, जहां देशभर के खिलाड़ियों ने भाग लिया। कनिका की सीरीज 94-93-93-96-94-89 रही। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने इंडिया टीम ट्रायल के लिए अपनी दावेदारी मजबूत की।
कनिका इससे पहले 6 से 9 दिसंबर 2025 के बीच इंदौर (मध्यप्रदेश) में आयोजित स्टूडेंट्स गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) प्रतियोगिता में भी उल्लेखनीय प्रदर्शन कर चुकी हैं। वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर की स्पर्धाओं में लगातार सक्रिय रही हैं और वर्तमान में संवित शूटिंग संस्थान, महाराजा डॉ करणी सिंह रेंज, बीकानेर में प्रशिक्षण ले रही हैं। उन्हें कोच शैलेश तिवारी मार्गदर्शन दे रहे हैं। उनकी सफलता पर परिवार, गांव और बीकानेर के खेलप्रेमियों ने प्रसन्नता जताई है।
—

