बीबीएन, नेटवर्क , 26 जुलाई। तमिलनाडु पुलिस अकादमी (TNPA), चेन्नई के वरिष्ठ अधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल हाल ही में असम राइफल्स के महानिदेशक मुख्यालय, शिलांग पहुँचा। तीन सदस्यीय इस दल का नेतृत्व आईपीएस अधिकारी एवं टीएनपीए की अतिरिक्त निदेशक टीएमटी पी.सी. थेन्मोझी ने किया। उनके साथ डॉ. ज़ेड अन्निन विजया (आईपीएस), जो चेन्नई पुलिस मुख्यालय में डीआईजी (प्रशिक्षण) के पद पर तैनात हैं, और टी.पी. सुरेश कुमार (आईपीएस), उप निदेशक (प्रशिक्षण), टीएनपीए भी शामिल थे।
यह दौरा मुख्यतः प्रशिक्षण की श्रेष्ठ पद्धतियों को समझने, आधुनिक तकनीकों के प्रशिक्षण में उपयोग, शारीरिक और सामरिक प्रशिक्षण के नवीन दृष्टिकोण और अकादमिक प्रशिक्षण में नवाचार की संभावनाओं पर केंद्रित रहा। प्रतिनिधिमंडल ने विभिन्न एजेंसियों के बीच सहयोग और ज्ञान साझेदारी को लेकर भी विचार-विमर्श किया।
गौरतलब है कि सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़ी संस्थाओं में आपसी संवाद और समझ को बढ़ावा देने की दिशा में यह दौरा एक अहम प्रयास माना जा रहा है।