
बीबीएन, नेटवर्क, 16 अगस्त। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने स्पष्ट संकेत दिए कि संगठन और सरकार में अहम बदलाव होने वाले हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी कुछ मौजूदा मंत्रियों को सरकार से हटाकर संगठन में जिम्मेदारी सौंपने पर विचार कर रही है, वहीं संगठन के कुछ प्रमुख पदाधिकारियों को मंत्रिमंडल में स्थान मिल सकता है।
राठौड़ ने मीडिया से बातचीत में कहा, “भाजपा में संगठन सर्वोपरि है। कार्यकर्ता एक सिपाही की तरह होता है, जिसे पार्टी आवश्यकतानुसार किसी भी मोर्चे पर भेज सकती है। किस सिपाही को कहां तैनात करना है, यह निर्णय संगठन का होता है।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि सभी बदलाव आवश्यकता और समय आने पर ही होंगे।
मंत्रिमंडल फेरबदल की अटकलें तेज
राठौड़ के इस बयान के बाद सियासी गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जल्द मंत्रिमंडल में फेरबदल कर सकते हैं, जिसमें कुछ मंत्रियों को हटाकर नए चेहरों को मौका मिलेगा। इसके साथ ही संगठन में सक्रिय नेताओं को भी सरकार में जिम्मेदारी दी जा सकती है।
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि भाजपा में लंबे समय से मंत्रिमंडल विस्तार और राजनीतिक नियुक्तियों का इंतजार है। पार्टी सूत्रों का मानना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष पर फैसला होते ही राजस्थान में यह इंतजार खत्म हो जाएगा और नए सिरे से मंत्रिमंडल का विस्तार व प्रदेश कार्यकारिणी का गठन संभव होगा।
—