बीबीएन, बीकानेर। संभाग के सबसे बड़े पीबीएम अस्पताल में प्रसूताओं की मौत, चिकित्सा व्यवस्थाओं में कथित लापरवाही और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर कांग्रेस ने मंगलवार को बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारी मैदान में आयोजित जनसभा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने राज्य सरकार पर तीखे आरोप लगाए। सभा के बाद कलेक्ट्रेट का घेराव किया गया, जहां बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश के दौरान पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को नियंत्रित किया। पूरे प्रदर्शन के दौरान भारी पुलिस बल, आरएसी और विशेष सुरक्षा इंतजाम तैनात रहे।
अव्यवस्थाओं पर कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन
पीबीएम अस्पताल में चिकित्सा सेवाओं की स्थिति और हाल में सामने आए प्रसूताओं की मौत के मामलों को लेकर कांग्रेस ने कर्मचारी मैदान में जनसभा आयोजित की। बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने अस्पताल प्रबंधन और राज्य सरकार के खिलाफ विरोध जताया। सभा समाप्त होने के बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट की ओर मार्च किया तथा प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर पहले से ही बैरिकेडिंग, वाटर कैनन, आंसू गैस छोड़ने वाले वाहन, आरएसी और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ता बैरिकेड्स पर चढ़ गए, जिसके बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर स्थिति को नियंत्रित किया।
प्रसूताओं की मौत पर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने आरोप लगाया कि प्रसूताओं को कथित रूप से गलत इंजेक्शन लगाए जाने का मामला अत्यंत गंभीर है और इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पीबीएम अस्पताल की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है और सरकार इस पर प्रभावी कदम उठाने में विफल रही है। डोटासरा ने यह भी कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सरकार और जनप्रतिनिधियों की चुप्पी आमजन के विश्वास को कमजोर कर रही है।
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कई विभागों पर उठाए सवाल
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति ऐसी हो गई है कि लोग सरकारी अस्पतालों में जाने से डरने लगे हैं। उन्होंने डॉक्टरों की कमी, एम्बुलेंस सेवाओं और अस्पतालों में संसाधनों की उपलब्धता को लेकर सवाल उठाए। जूली ने शिक्षा व्यवस्था, निजी स्कूलों, यमुना जल समझौते तथा पूर्ववर्ती सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार को इन व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर ध्यान देना चाहिए।
पूर्व मंत्री बी.डी. कल्ला ने दवा खरीद पर लगाए गंभीर आरोप
पूर्व मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य विभाग में दवा और उपकरणों की खरीद प्रक्रिया में अनियमितताएं हुई हैं। उन्होंने दावा किया कि ब्लैकलिस्टेड कंपनियों से दवाइयों की खरीद तथा चिकित्सा उपकरणों की खरीद में वित्तीय अनियमितताओं की जांच होनी चाहिए। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन में पारदर्शिता की मांग भी उठाई।
मंच पर नारेबाजी से कुछ देर बना अलग माहौल
सभा के दौरान जब गोविंद राम मेघवाल संबोधन के लिए मंच पर पहुंचे तो कुछ कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कार्यकर्ताओं से शांत रहने की अपील की, हालांकि पूरे संबोधन के दौरान नारेबाजी जारी रही।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने संभागीय आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक, जिला कलक्टर और पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर पीबीएम अस्पताल की व्यवस्थाओं से जुड़े मुद्दों पर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि शामिल रहे।






