एक करोड़ का इनामी माओवादी ढेर
बीबीएन, नेटवर्क, 15 सितंबर। गिरहोर थाना क्षेत्र के पनतीतरी जंगल में सोमवार सुबह सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक करोड़ रुपये का इनामी माओवादी सहदेव सोरेन मारा गया। साथ ही दो अन्य माओवादियों के शव भी बरामद किए गए हैं। यह इलाका बोकारो और गिरिडीह जिले की सीमा पर स्थित है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जंगल में माओवादियों की गतिविधियों की जानकारी मिलने पर सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान माओवादियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसका जवाब देते हुए सुरक्षा बलों ने कार्रवाई की। इसके बाद पूरे जंगल क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाकर तीन शव और तीन एके-47 राइफलें बरामद की गईं।
पहचान में सहदेव सोरेन की पुष्टि हुई है, जो एक करोड़ रुपये का इनामी माओवादी था। बाकी दो माओवादियों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस मुख्यालय ने इस कार्रवाई को बड़ी सफलता बताया है और नक्सलियों के नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में यह महत्वपूर्ण उपलब्धि करार दी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए हजारीबाग एसपी, गिरिडीह एसपी समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। सुरक्षा बलों का सर्च अभियान जारी है।
छह महीने में दूसरा बड़ा ऑपरेशन
यह घटना छह महीने के भीतर दूसरी बार हुई है जब एक करोड़ का इनामी माओवादी मुठभेड़ में मारा गया। अप्रैल में बोकारो जिले में सुरक्षा बलों ने एक करोड़ रुपये के इनामी माओवादी विवेक उर्फ प्रयाग मांझी सहित आठ माओवादियों को ढेर कर दिया था। अधिकारियों का मानना है कि यह मुठभेड़ नक्सल विरोधी अभियान को और मजबूती देने वाली साबित होगी।
—




