बीबीएन, बीकानेर। भारत- पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हथियारों की खेप गिराने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान पंजाब के जलालाबाद निवासी 27 वर्षीय करण सिंह बोदला, अबोहर निवासी 33 वर्षीय गुरकीरत सिंह और श्रीगंगानगर जिले के घड़साना निवासी 28 वर्षीय अवतार सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तीनों मुख्य आरोपी सोनू उर्फ सुखविंदर द्वारा संचालित सीमा पार संगठित तस्करी नेटवर्क के लिए जमीनी स्तर पर काम कर रहे थे। इनमें से एक आरोपी को मोहाली और दूसरे को जलालाबाद से दस्तयाब किया गया, जबकि करण सिंह को फाजिल्का से राउंडअप किया गया।
मुख्य आरोपी से पूछताछ के बाद खुल रही नेटवर्क की परतें
सदर वृत्ताधिकारी अनुष्का कालिया ने पत्रकारों को बताया कि पुलिस इस मामले में मुख्य आरोपी सोनू उर्फ सुखविंदर को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। उससे की जा रही पूछताछ के आधार पर सीमा पार संचालित हथियार तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास जारी है।
जांच में सामने आया है कि करण सिंह और गुरकीरत सिंह इस संगठित सिंडिकेट के लिए ‘फुट सोल्जर्स’ की भूमिका निभा रहे थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ड्रोन से गिराई गई हथियारों की खेप को सीमा क्षेत्र से उठाने, सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने और आगे सप्लाई करने में नेटवर्क के कितने लोग शामिल हैं।
तीनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी पहले भी आपराधिक मामलों में संलिप्त रहे हैं। करण सिंह के खिलाफ फाजिल्का और फिरोजपुर में एनडीपीएस एक्ट के मामले दर्ज हैं। गुरकीरत सिंह पूर्व में भी ड्रोन के माध्यम से होने वाली ड्रॉपिंग की घटनाओं में शामिल रहा है।
वहीं, घड़साना निवासी अवतार सिंह के खिलाफ जैतसर थाने में एनडीपीएस एक्ट और मुकलावा थाने में विद्युत अधिनियम के तहत मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इनके पुराने आपराधिक संपर्कों और सीमा पार नेटवर्क से संबंधों की भी जांच कर रही है।
26 फरवरी को बरामद हुई थी हथियारों की बड़ी खेप
मामला 26 फरवरी को सामने आया था, जब खाजूवाला अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास बीएसएफ और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भेजी गई हथियारों की खेप बरामद की गई थी। कार्रवाई के दौरान मेड इन चाइना पिस्टल और 326 कारतूस जब्त किए गए थे।
मुख्य आरोपी सोनू उर्फ सुखविंदर की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस ने नेटवर्क से जुड़े तीन और लोगों को पकड़ा है। अधिकारियों का मानना है कि आरोपियों से पूछताछ में सीमा पार हथियार तस्करी से जुड़े कई महत्वपूर्ण संपर्कों और अन्य सहयोगियों के बारे में जानकारी सामने आ सकती है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
आरोपियों की गिरफ्तारी में एएसआई बाबूलाल यादव, डीएसटी के एएसआई महावीर सिंह और कांस्टेबल हरफूल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम में सदर वृत्ताधिकारी के एएसआई पेमाराम और जगदीश भी शामिल रहे।






