🔴 सिपाही से मारपीट का वीडियो सामने आते ही मचा बवाल
बीबीएन, नेटवर्क। राजस्थान के भीलवाड़ा जिले की जहाजपुर उपकारागार से मंगलवार शाम एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें जेलर ओमप्रकाश लेगा शराब के नशे में धुत होकर सिपाही से मारपीट करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, घटना शाम करीब 6 बजे की है जब जेलर अपने क्वार्टर में शराब पी रहे थे। नशे में चूर होने के बाद उन्होंने पहले स्टाफ से बहस की और फिर एक सिपाही को थप्पड़ जड़ दिए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जेलर ने सिपाही का कॉलर पकड़कर उसे झिंझोड़ दिया। हंगामा बढ़ता देख अन्य जेलकर्मी बीच-बचाव में आए और मामला शांत करने की कोशिश की, लेकिन जेलर नहीं माने।
इस बीच स्टाफ ने जहाजपुर थाने को सूचना दी। थानाधिकारी रामस्वरूप मीणा जाब्ते सहित मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि पुलिस को देखकर भी जेलर का नशा नहीं उतरा। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां मेडिकल परीक्षण में शराब की पुष्टि हुई और उनका अल्कोहल लेवल सामान्य सीमा से कहीं अधिक पाया गया।
जेल अधीक्षक कार्यालय के अनुसार, ओमप्रकाश लेगा पिछले तीन वर्षों से जहाजपुर जेल में तैनात हैं और मूल रूप से डूंगरपुर जिले के निवासी हैं। घटना की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है तथा निलंबन की कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। फिलहाल, पुलिस के पास कोई औपचारिक शिकायत नहीं आई है। अधिकारियों का कहना है कि यदि सिपाही या किसी जेलकर्मी की ओर से शिकायत दी जाती है, तो सरकारी कर्मचारी द्वारा नशे में मारपीट और दुर्व्यवहार की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। वीडियो वायरल होने के बाद से जेल प्रशासन की छवि पर सवाल उठ रहे हैं और अनुशासनात्मक कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
—



