🔴 भविष्य की जंग के लिए तैयार हो रहा भारत: जयपुर में WoNA पर उच्च स्तरीय मंथन
बीबीएन, नेटवर्क। सप्त शक्ति कमान द्वारा 10 और 11 नवंबर को जयपुर मिलिट्री स्टेशन में “भविष्य के संघर्षों का मुकाबला करने के लिए Whole-of-Nation Approach (WoNA)” विषय पर दो दिवसीय सुरक्षा समन्वय सेमिनार आयोजित किया जाएगा यह आयोजन सेंटर फॉर लैंड वॉरफेयर स्टडीज़ (CLAWS), नई दिल्ली के सहयोग से किया जाएगा।
सेमिनार की परिकल्पना सप्त शक्ति कमान के आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मनजिंदर सिंह द्वारा की गई है। इसका उद्देश्य सशस्त्र बलों, नागरिक प्रशासन, उद्योग जगत और शैक्षणिक संस्थानों के बीच समग्र राष्ट्रीय सुरक्षा ढांचे को विकसित करना और आपसी समन्वय को और मजबूत बनाना है। कार्यक्रम में चार प्रमुख सत्र होंगे, जिनमें WoNA की रणनीतिक आवश्यकता, संस्थागत साझेदारी, सूचना संचालन की भूमिका और भविष्य के संघर्षों से निपटने के लिए राज्य स्तरीय मॉडल (राजस्थान के उदाहरण सहित) पर विस्तार से चर्चा होगी।
सेमिनार में वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों, कूटनीतिज्ञों, प्रशासनिक अधिकारियों और रक्षा रणनीतिक विशेषज्ञों के वक्तव्य शामिल होंगे। वे “विकसित भारत 2047” और “आत्मनिर्भर भारत” के परिप्रेक्ष्य में नवाचारी रक्षा नीतियों और बहु-आयामी खतरों के समाधान पर विचार-विमर्श करेंगे। यह पहल न केवल राष्ट्रीय सुरक्षा दृष्टिकोण को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि एक समग्र राष्ट्र दृष्टिकोण (WoNA) के तहत सैन्य और नागरिक सहयोग का नया अध्याय भी खोलेगी।
—



