बीबीएन,बीकानेर। सीमा सुरक्षा बल के स्थापना दिवस के 60 वर्ष पूरे होने पर ‘डायमंड जुबली समारोह’ के तहत जम्मू से गुजरात के भुज तक निकाली जा रही भव्य बाइक रैली आज बीकानेर पहुंची।
लगभग 1727 किलोमीटर लंबी इस ऐतिहासिक यात्रा में 60 जांबाज जवान हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 4 महिला योद्धा भी शामिल हैं। रैली के बीकानेर आगमन पर जूनागढ़ किले पर BSF सेक्टर मुख्यालय के अधिकारियों और जवानों ने तिरंगा लहराकर जोरदार स्वागत किया। शहरवासियों ने भी तालियों और देशभक्ति नारों से जवानों का हौसला बढ़ाया।
रैली का नेतृत्व कर रहे असिस्टेंट कंपनी कमांडेंट सागर पाटिल ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य सीमा सुरक्षा बल के राष्ट्रनिर्माण में योगदान को प्रदर्शित करना और युवाओं में देशभक्ति की भावना जगाना है। उन्होंने कहा “हम यह संदेश देना चाहते हैं कि देश की एकता और अखंडता हर जवान की पहली जिम्मेदारी है।” बीएसएफ बीकानेर के डीआईजी अजय लूथरा ने बताया कि यह रैली न केवल बीएसएफ की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचा रही है, बल्कि युवाओं को नशे से दूर रहने और अनुशासित जीवन अपनाने का संदेश भी दे रही है।
जम्मू से शुरू हुई यह यात्रा राजस्थान के रेगिस्तानी इलाकों से गुजरते हुए गुजरात के भुज तक पहुँचेगी, जहाँ इसका समापन एक विशेष समारोह में होगा। रैली के साथ तिरंगा लिए जवानों का उत्साह देखकर लोगों में देशभक्ति की लहर दौड़ गई।
—



