बीबीएन, नेटवर्क। लॉरेंस बिश्नोई और रोहित गोदारा गुटों के बीच चल रही कुख्यात गैंगवार ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया है। इस बार वारदात दुबई में हुई, जहां लॉरेंस गिरोह के खास सदस्य सिद्धू उर्फ सिप्पा को गला रेतकर मार दिया गया। हैरानी की बात यह है कि हत्या की जिम्मेदारी खुद गैंगस्टर रोहित गोदारा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर ले ली है। सोशल मीडिया पर कबूला क़त्ल“सिप्पा को हमने ही खत्म किया”
गोदारा ने फेसबुक-जैसे प्लेटफॉर्म पर लंबा पोस्ट लिखते हुए साफ कहा कि सिप्पा ने लॉरेंस के इशारे पर उनके साथियों को जर्मनी में निशाना बनाने की कोशिश की थी। इसके साथ ही गोदारा का दावा है कि दुबई में बैठकर सिप्पा कनाडा और अमेरिका में उनके लोगों को लगातार धमकियां दे रहा था। पोस्ट में गोदारा ने चेतावनी भरे लहज़े में लिखा“जो भी हमारे खिलाफ जाएगा, चाहे कहीं भी छिप जाए, नहीं बचेगा… देर होगी पर छोड़ा नहीं जाएगा।”
पहले भी हुई है तकरार
कुछ ही दिनों पहले अमेरिका में लॉरेंस के खास हैरी बॉक्सर पर हमला करवाने का आरोप भी गोदारा पर लगा था, हालांकि वह जान बचाकर निकल गया। अब दुबई में सिप्पा की हत्या की जिम्मेदारी लेकर रोहित गोदारा ने साफ कर दिया है कि दोनों गुटों की दुश्मनी अब खतरनाक स्तर पर पहुंच चुकी है। अपने धमकी भरे पोस्ट में गोदारा ने कई नामों का जिक्र करते हुए कहा कि सिप्पा लॉरेंस का “हैंडलर” था और लगातार उनकी टीम को खत्म करने की साजिश रच रहा था।
पोस्ट में साफ लिखा है
“लोग कहते हैं दुबई सुरक्षित है! हमसे दुश्मनी करोगे तो दुनिया में कहीं भी सुरक्षित नहीं। जहां पुलिस के हाथ नहीं पहुंचते, वहां हम पहुंच जाते हैं।” इस वारदात के बाद सुरक्षा एजेंसियां दोनों गिरोहों की गतिविधियों पर हाई अलर्ट मोड में हैं।
—



