बीबीएन, नेटवर्क | भरतपुर पुलिस ने राजस्थान में अब तक के सबसे बड़े कथित निवेश घोटाले का खुलासा कर सनसनी फैला दी है। XPO.RU नामक कंपनी पर निवेशकों से लगभग 3100 करोड़ रुपये की ठगी का आरोप है, जो राज्य के पूर्व चर्चित फ्रॉड नेक्सा एवरग्रीन से भी कहीं बड़ा माना जा रहा है। पुलिस की शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि घोटाले के तार झुंझुनूं जिले से गहराई से जुड़े हैं, जिससे यहां के हजारों निवेशक चिंतित हैं।
झुंझुनूं के कई नाम हुए बेनकाब
भरतपुर की कार्रवाई के बाद झुंझुनूं पुलिस भी तत्परता से जांच में जुट गई है। एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय ने पुष्टि की है कि जिले के कुछ युवकों की भूमिका संदिग्ध पाई गई है।
🔵 विजय मौर्य (बख्तावरपुरा) – शुरुआत से XPO कंपनी से जुड़े होने और स्थानीय लोगों को निवेश के लिए प्रेरित करने के आरोप में प्रमुख संदिग्ध।
🔵 सुरेंद्र बरवड़ (पूर्व सरपंच, सुजडौला) व सुरेंद्र सैनी – सोशल मीडिया पर खुद को कंपनी के प्रमोटर बताकर प्रचार-प्रसार करने का आरोप।
पुलिस का मानना है कि इन लोगों ने XPO.RU के नेटवर्क को स्थानीय स्तर पर मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई।
गिरफ्तारी की तैयारी, बड़ा नेटवर्क बेनकाब होने की आशंका
एसपी उपाध्याय ने बताया कि झुंझुनूं पुलिस भरतपुर टीम के निरंतर संपर्क में है और सभी संदिग्धों की जल्द गिरफ्तारी कर उन्हें भरतपुर पुलिस को सौंपा जाएगा। इधर कंपनी से जुड़े प्रमोटर रजत शर्मा के सोशल मीडिया खातों पर निवेशकों के गुस्से भरे कमेंट लगातार बढ़ रहे हैं। जांच एजेंसियों का अनुमान है कि 3100 करोड़ रुपये के इस कथित महाघोटाले में अभी और भी बड़े नाम सामने आ सकते हैं, क्योंकि कंपनी का नेटवर्क कई जिलों तक फैला हुआ था।
—

