बीबीएन, बीकानेर। गाजियाबाद में आयोजित 21वें बृहद राष्ट्रीय ज्योतिष एवं वास्तु सेमिनार–2025 में बीकानेर के विश्वविख्यात ज्योतिषाचार्य एवं द फोरकास्ट हाउस के निदेशक डॉ. नंदकिशोर पुरोहित को उनके विशिष्ट शोध, वैदिक ज्ञान की वैज्ञानिक व्याख्या और समकालीन समाज में ज्योतिष की प्रासंगिकता को सुदृढ़ करने के उल्लेखनीय योगदान के लिए अति विशिष्ट अतिथि ज्योतिष सम्मान से सम्मानित किया गया। इस राष्ट्रीय मंच पर देशभर से आए विद्वानों की उपस्थिति में उन्हें स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति-पत्र एवं पारंपरिक दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह में पं. शिवकुमार शर्मा (अध्यक्ष, शिव शंकर ज्योतिष वास्तु अनुसंधान केंद्र), अजय कुमार जैन, एडवोकेट डॉ. सतीश भारद्वाज तथा डॉ. आनंद भारद्वाज सहित कई प्रतिष्ठित विद्वान प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। आयोजन गाजियाबाद के जानकी सभागार में 20 व 21 दिसंबर को सम्पन्न हुआ।
अपने उद्बोधन में डॉ. पुरोहित ने विवाह संस्कार में शुभ मुहूर्त की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बीकानेर की ऐतिहासिक पुष्करणा सावा परंपरा का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि यह परंपरा सदियों से समाज में स्थायित्व, सामंजस्य और वैवाहिक संतुलन का प्रतीक रही है। इसके साथ ही उन्होंने ग्रहों की चाल के आधार पर भारत की भविष्यगत आर्थिक स्थिति और वैश्विक भूमिका पर भी विश्लेषण प्रस्तुत किया।
सेमिनार में देशभर से ज्योतिष, वास्तु, टेरो, मंत्र विज्ञान एवं अंक शास्त्र के विशेषज्ञों ने भाग लिया, जिससे यह आयोजन राष्ट्रीय बौद्धिक विमर्श का केंद्र बना।


