🟥सोशल मीडिया दिशानिर्देश में बदलाव, पोस्ट या कमेंट पर रोक
बीबीएन, नेटवर्क। भारतीय सेना ने अपने सोशल मीडिया नियमों में बदलाव करते हुए अब अपने जवानों को इंस्टाग्राम पर साइन अप करने की अनुमति दे दी है। लेकिन इस प्लेटफॉर्म पर उन्हें केवल “पैसिव ऑब्जर्वर” की भूमिका निभाने की शर्त दी गई है। इसका मतलब है कि जवान किसी भी पोस्ट पर टिप्पणी, पोस्ट शेयर या ‘लाइक’ नहीं कर सकते।
सूत्रों के अनुसार, यह बदलाव सेना के सभी रैंक के कर्मियों पर लागू होगा। इसका उद्देश्य जवानों को सूचना के डिजिटल युग में अपडेट रखना और संवेदनशील जानकारी के अनजाने में लीक होने से रोकना है। पहले जवान केवल एक्स (पूर्व ट्विटर) पर सक्रिय हो सकते थे, लेकिन इंस्टाग्राम पर ऐसा संभव नहीं था। अब जवान सोशल मीडिया पर देश और विदेश की घटनाओं से जुड़े रह सकते हैं, लेकिन कोई भी यूजर जनरेटेड कंटेंट साझा नहीं कर पाएंगे।
नवंबर में चाणक्य डिफेंस डायलॉग के दौरान सेना प्रमुख जनरल उपेन्द्र द्विवेदी ने स्मार्टफोन के महत्व पर जोर दिया था। उन्होंने कहा कि सैनिकों को परिवार से जुड़े रहने और ज्ञानवर्धक ई-बुक्स पढ़ने के लिए स्मार्टफोन जरूरी है, लेकिन उन्हें “आवेग में प्रतिक्रिया” और “सोच-समझ कर प्रतिक्रिया” करने के बीच फर्क समझना होगा।
जनरल द्विवेदी ने यह भी बताया कि आज की युवा पीढ़ी सामाजिक रूप से जागरूक, डिजिटल रूप से निपुण और वैश्विक रूप से जुड़ी हुई है, जो विकसित भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभाएगी । यह कदम भारतीय सेना के डिजिटल सुरक्षा दृष्टिकोण और जवानों की जिम्मेदार सोशल मीडिया उपयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।



