बीबीएन,बीकानेर। अंत्योदय नगर स्थित रमेश इंग्लिश स्कूल में कक्षा 11वीं और 12वीं (कला वर्ग) के विद्यार्थियों के लिए “मेंटॉर मीट – एपिसोड 1” का आयोजन किया गया, जिसमें उद्योग विशेषज्ञ संजय राठी ने छात्रों को वूलन इंडस्ट्री के व्यावहारिक पहलुओं, करियर संभावनाओं और व्यवसायिक सोच के महत्व से अवगत कराया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान से आगे बढ़ाकर वास्तविक जीवन के अनुभवों से जोड़ना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता संजय राठी ने अपने संबोधन में बीकानेर के वूलन उद्योग की विशेषताओं, उत्पादन प्रक्रिया और इसके बढ़ते दायरे पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि कला और कौशल हर व्यक्ति के भीतर मौजूद होते हैं, लेकिन उन्हें विकसित करने के लिए निरंतर अभ्यास और समर्पण आवश्यक है।
उन्होंने विद्यार्थियों को यह भी समझाया कि जहां नौकरी जीवन में स्थिरता प्रदान करती है, वहीं व्यवसाय व्यक्ति को अपने सपनों को साकार करने का अवसर देता है। राठी ने कहा कि किसी भी क्षेत्र में सफलता के लिए केवल पूंजी ही नहीं, बल्कि क्षमता और दृष्टिकोण अधिक महत्वपूर्ण होते हैं। छोटी शुरुआत को उन्होंने बड़ी उपलब्धियों की नींव बताया और “वैल्यू एडिशन” को व्यवसाय की सफलता का प्रमुख आधार माना।
कार्यक्रम की शुरुआत में एकेडमिक अनूप रंगा ने आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए इसके उद्देश्य पर प्रकाश डाला। समापन पर प्रिंसिपल सेनुका हर्ष ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया और विद्यार्थियों को ऐसे कार्यक्रमों से अधिकतम लाभ लेने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर पीयूष हर्ष और अमिताभ हर्ष ने भी अपने विचार साझा करते हुए विद्यार्थियों को व्यावहारिक शिक्षा की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम का संचालन सविता जोशी और सुनीता सांखला द्वारा किया गया।



