बीबीएन, नेटवर्क । कारगिल विजय दिवस की 27वीं वर्षगांठ के अवसर पर राजस्थान में कारगिल युद्ध के वीर शहीदों और उनके परिवारों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। राज्य सैनिक बोर्ड, राजस्थान की ओर से शनिवार को जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में वीर नारियों और वीर माताओं के सम्मान में विशेष समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर 3 बजे शुरू होगा।
सप्त शक्ति कमांड के आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मोहित मल्होत्रा समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम में सेना के वरिष्ठ अधिकारी, पूर्व सैनिक, वीर नारियां, वीर माताएं, नागरिक प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक शामिल होंगे।
समारोह के दौरान कारगिल युद्ध में राष्ट्र की संप्रभुता और अखंडता की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। साथ ही, उनके परिवारों के त्याग, साहस और बलिदान के प्रति राष्ट्र की कृतज्ञता व्यक्त की जाएगी।
वीर नारियों और वीर माताओं का होगा सम्मान
समारोह का मुख्य उद्देश्य कारगिल युद्ध के शहीद सैनिकों की वीर नारियों और वीर माताओं के अदम्य साहस, धैर्य और त्याग को सम्मानित करना है। इन परिवारों ने देश के लिए अपने प्रियजनों का सर्वोच्च बलिदान स्वीकार किया। उनका साहस और संकल्प आज भी नई पीढ़ी को राष्ट्रसेवा, देशभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता है।
बैंड प्रस्तुतियों और देशभक्ति नाटिका से गूंजेगा सभागार
सम्मान समारोह के बाद भारतीय सेना के ब्रास बैंड और पाइप बैंड की विशेष प्रस्तुतियां होंगी। इसके अलावा आर्मी पब्लिक स्कूल के विद्यार्थी कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों के साहस, शौर्य और बलिदान पर आधारित देशभक्ति नाटिका प्रस्तुत करेंगे। नाटिका के माध्यम से ‘ऑपरेशन विजय’ की गौरवशाली गाथा को जीवंत किया जाएगा। इसका उद्देश्य युवा पीढ़ी में देशभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और निस्वार्थ सेवा की भावना को मजबूत करना है।
शहीदों की विरासत को संजोने का संदेश
यह समारोह कारगिल के वीर शहीदों और उनके परिवारों के सर्वोच्च बलिदान को नमन करने का अवसर होगा। आयोजन के माध्यम से भारतीय सेना और राजस्थान की जनता की ओर से शहीद परिवारों के प्रति सामूहिक श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की जाएगी समारोह साहस, कर्तव्य, बलिदान और राष्ट्रीय एकता के उन आदर्शों को भी रेखांकित करेगा, जो कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों की गौरवशाली विरासत का हिस्सा हैं।





