बीबीएन, बीकानेर, 2 सितंबर। ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान को करारा जवाब देने के बाद भी भारतीय वायुसेना अपनी मुस्तैदी बरकरार रखे हुए है। अब वायुसेना कराची की एयरस्पेस के ठीक सामने बड़ा युद्धाभ्यास करने जा रही है। इसके लिए NOTAM (नोटिस टू एयरमेन) जारी कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक यह अभ्यास 2 सितंबर सुबह 11 बजे से शुरू होगा और 3 सितंबर दोपहर 2 बजे तक चलेगा। यह ड्रिल गुजरात और राजस्थान से सटे हवाई क्षेत्र में होगी। वायुसेना ने साफ किया है कि यह एक नियमित अभ्यास है, जिसका मकसद किसी भी चुनौती के लिए तैयार रहना है।
ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान को गहरी चोट
हाल ही में एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंह ने बताया था कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के छह विमानों को मार गिराया था। इनमें पांच लड़ाकू और एक बड़ा विमान शामिल था। इनमें से एक विमान को लगभग 300 किलोमीटर दूर से निशाना बनाया गया, जो अब तक का सबसे लंबी दूरी का रिकॉर्ड है।
एयर मार्शल नर्मदेश्वर तिवारी ने भी खुलासा किया था कि इस ऑपरेशन में वायुसेना ने 50 से भी कम हथियार इस्तेमाल किए थे। इतनी सीमित कार्रवाई में ही पाकिस्तान को सीजफायर के लिए राजी होना पड़ा।
सतर्कता का संदेश
वायुसेना का यह अभ्यास साफ संकेत है कि भारत सीमा पर किसी भी हालात का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है। कराची के सामने किया जाने वाला यह युद्धाभ्यास सामरिक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है।
—



