बीबीएन, नेटवर्क। गत मंगलवार देर रात खासा कैंप क्षेत्र में आर्मी कैंप के बाहर जोरदार धमाका हुआ, जिसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। धमाके के बाद आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल बन गया और लोग घरों से बाहर निकल आए। सूचना मिलते ही पुलिस और सेना की टीमें मौके पर पहुंचीं और पूरे क्षेत्र को घेरकर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। मामला अमृतसर आर्मी क्षेत्र का है।
इलाके में मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार विस्फोट रात करीब 11 बजे के बाद हुआ। धमाका इतना तेज था कि आसपास के रिहायशी क्षेत्रों में अफरा-तफरी फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आवाज सुनते ही लोग घबराकर बाहर आ गए और स्थिति को समझने की कोशिश करने लगे।
आर्मी कैंप की बाहरी संरचना को नुकसान
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि धमाके से आर्मी कैंप की बाहरी दीवार पर लगी टीन की चादरों को नुकसान पहुंचा है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने या बड़े नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है।
फोरेंसिक और डॉग स्क्वॉयड मौके पर
घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक विशेषज्ञों और डॉग स्क्वॉयड को मौके पर बुलाया गया है। सुरक्षा एजेंसियां हर एंगल से जांच कर रही हैं ताकि विस्फोट के कारणों का स्पष्ट पता लगाया जा सके।
पुलिस और सेना की संयुक्त कार्रवाई
अमृतसर देहाती के एसपी आदित्य वारियर के अनुसार सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की और क्षेत्र को सुरक्षित कर लिया गया। उन्होंने बताया कि जांच जारी है और सबूत जुटाए जा रहे हैं। विस्तृत जांच के बाद ही विस्फोट के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा।
क्षेत्र में बढ़ाई गई सुरक्षा
घटना के बाद पूरे इलाके में पुलिस और सेना की भारी तैनाती कर दी गई है। संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है और आने-जाने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।



