
बीबीएन,बीकानेर, 13 अगस्त। मरुस्थल की धरती पर इस बार बरसेगा भक्ति का सावन और महकेगी मुरली की मधुर तान। अंतरराष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (इस्कॉन) द्वारा 16 अगस्त को बीकानेर में होने वाला जन्माष्टमी महोत्सव वृंदावन धाम की झलक के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर गोवर्धन पर्वत, यमुना तट और श्रीकृष्ण लीलाओं के मनोरम दृश्य सजावट के माध्यम से साकार होंगे, ताकि श्रद्धालु अपने ही शहर में वृंदावन का आध्यात्मिक अनुभव कर सकें।
इस्कॉन बीकानेर केंद्र के प्रभारी संकर्षण प्रिय प्रभु ने प्रेस वार्ता में बताया कि जन्माष्टमी के मुख्य अतिथि पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास होंगे। आयोजन 16 अगस्त की शाम 4 बजे होटल वृंदावन रीजेंसी में आरंभ होगा।
4 से 5 बजे मधुर कीर्तन, 5 से 6 बजे नृत्य, श्लोक-पाठ और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। 6 से 7 बजे तक भगवान कृष्ण की लीलाओं पर आधारित नाट्य मंचन होगा। शाम 7 से 9 बजे पंचामृत अभिषेक, रात्रि 9 से 11 बजे तक कृष्ण कथा, तत्पश्चात आरती, 56 भोग के दर्शन और प्रसाद वितरण किया जाएगा।
भक्तों के लिए आध्यात्मिक खेलों का भी आयोजन होगा, जिसमें विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। महोत्सव के अगले दिन, 17 अगस्त को सुबह 11 बजे, वृंदावन रीजेंसी में भव्य नंदोत्सव और इस्कॉन के संस्थापक आचार्य श्रील प्रभुपाद जी की व्यास पूजा का कार्यक्रम होगा।
—