बीबीएन, नेटवर्क, 24 अगस्त। बांग्लादेश में तख्तापलट के बाद कट्टरपंथी संगठनों का दबदबा बढ़ने से हालात लगातार बिगड़ रहे हैं। इसी माहौल में वहां का एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अपनी जान बचाने के लिए भारत में घुसने की कोशिश कर रहा था। शनिवार को पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने उसे पकड़ लिया।
सूत्रों के अनुसार, घटना हकीमपुर बॉर्डर की है। दोपहर करीब तीन बजे बीएसएफ की 143वीं बटालियन के जवानों ने संदिग्ध गतिविधि देख उसे रोकने का प्रयास किया। जवानों के ललकारने पर वह भागने लगा, लेकिन क्यूआरटी टीम ने पीछा कर गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में उसकी पहचान बांग्लादेश पुलिस अधिकारी आरिफ़ ज़मां, निवासी रंगपुर, के रूप में हुई है।
गिरफ्तार अधिकारी को बीएसएफ ने स्वरूपनगर थाने के हवाले कर दिया है। आशंका जताई जा रही है कि तख्तापलट के बाद से बांग्लादेश में पुलिस अधिकारियों पर लगातार हमले हो रहे हैं। खासतौर पर वे अफसर निशाने पर हैं जिन्होंने शेख हसीना सरकार के दौरान कट्टरपंथी और आतंकी तत्वों पर कार्रवाई की थी। आरिफ़ ज़मां भी इसी खतरे से बचने के लिए भारत भाग आए।
हाल ही में बांग्लादेश में कई पुलिस अधिकारियों की हत्या और हमलों की घटनाएं सामने आई हैं। सुरक्षा एजेंसियां अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही हैं ताकि सीमा पार से संभावित सुरक्षा चुनौतियों का आकलन किया जा सके।
—

