बीबीएन, नेटवर्क, 16 सितंबर। भारतीय रेलवे एक अक्टूबर से ऑनलाइन सामान्य आरक्षित टिकट बुकिंग में बड़ा बदलाव करने जा रहा है। अब आरक्षण खुलने के पहले 15 मिनट तक टिकट बुक करने के लिए आधार प्रमाणीकरण आवश्यक होगा। यानी सुबह आठ बजे से 8:15 बजे तक आईआरसीटीसी की वेबसाइट और एप पर आधार से सत्यापित उपयोगकर्ता ही टिकट बुक कर सकेंगे।
रेल मंत्रालय ने सोमवार को इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए। रेलवे का कहना है कि आरक्षण प्रणाली का लाभ आम यात्रियों तक प्रभावी ढंग से पहुँचाने और टिकट दलालों द्वारा दुरुपयोग को रोकने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है। आधार आधारित पहचान सुनिश्चित होने से फर्जी बुकिंग पर नियंत्रण आसान होगा।
हालाँकि, रेलवे आरक्षण केंद्रों से टिकट बुक करने की प्रक्रिया में कोई बदलाव नहीं किया गया है। वहीं, सामान्य आरक्षण खुलने के पहले दस मिनट तक अधिकृत टिकट एजेंटों को भी टिकट बुक करने की अनुमति नहीं होगी। यह व्यवस्था पूर्ववत जारी रहेगी।
रेल मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि यह नया नियम यात्रियों की सुविधा और पारदर्शिता को बढ़ाने के उद्देश्य से लागू किया जा रहा है। यात्रियों से अपेक्षा की गई है कि वे आधार प्रमाणीकरण की प्रक्रिया पहले से पूरी कर टिकट बुकिंग के लिए तैयार रहें।
—



