बीबीएन, नेटवर्क, 9 सितंबर। बीएसएफ के जवानों ने शनिवार रात करीब 9:10 बजे अंतरराष्ट्रीय सीमा पर संदिग्ध गतिविधि देखी। जवानों ने पाया कि एक पाकिस्तानी नागरिक सीमा पार कर जम्मू जिले की सुचेतगढ़ तहसील में सीमा बाड़ की ओर बढ़ रहा है।
सतर्कता के चलते जवानों ने उसे चेतावनी दी, लेकिन उसने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। इसके बाद खतरा बढ़ता देख जवानों ने उस पर गोली चलाई। गोलीबारी के बाद संदिग्ध को बीएसएफ की हिरासत में ले लिया गया।
पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम सिराज खान पुत्र जाहिद खान बताया। उसने यह भी बताया कि वह गाँव 27 चक, तहसील भलवाल, जिला सरगोधा, पंजाब, पाकिस्तान का रहने वाला है।
तलाशी के दौरान उसके पास से पाकिस्तानी मुद्रा बरामद हुई। उसे आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस के हवाले कर दिया गया है। घटना की रिपोर्ट काउंटर पार्ट की मौजूदगी में दर्ज कराई जा रही है बीएसएफ अधिकारियों ने सीमा सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। मामले की गहराई से जांच जारी है।
—




