वॉलीबॉल महोत्सव के तीसरे दिन हुआ जबरदस्त मुकाबला
बीबीएन,बीकानेर, 25 अक्टूबर। खेल भावना और उत्साह से सराबोर वातावरण में गुरुकुल बी.एल. मोहता लर्निंग इंस्टीट्यूट, सिंथल में जारी अखिल भारतीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता के तीसरे दिन रोमांचक मुकाबले खेले गए। दूधिया रोशनी में हुए इन मैचों ने दर्शकों और खेलप्रेमियों का मन मोह लिया।
मीडिया प्रभारी डॉ. विजय आचार्य ने बताया कि शुक्रवार को हुए मुकाबलों में कुल 24 टीमों ने भाग लिया। कोच वीरेंद्र सिंह के निर्देशन में हुए शूटिंग बॉल मुकाबलों में जयपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजय हासिल की।
विजेताओं को मिला सम्मान
कुल 31,000 रुपये की पुरस्कार राशि और ट्रॉफी जयपुर टीम को विजेता के रूप में प्रदान की गई। बीकानेर की टीम उपविजेता रही, जिसे 21,000 रुपये और ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। हनुमानगढ़ की टीम तीसरे स्थान पर रही और उसे 11,000 रुपये की राशि मिली, जबकि काकड़ा टीम को चौथे स्थान पर रहते हुए 5,100 रुपये का सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। पुरस्कार वितरण गुरुकुल अध्यक्ष डॉ. बाबूलाल मोहता द्वारा किया गया।
फाइनल मुकाबला कल
डॉ. आचार्य ने बताया कि माहेश्वरी समाज, नापासर और गजनेर की टीमें फाइनल चरण में पहुंच चुकी हैं। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 26 अक्टूबर को गुरुकुल प्रांगण में खेला जाएगा।
महिला वर्ग के मुकाबले भी आकर्षण का केंद्र
महिला शूटिंग बॉल के रोमांचक मैच हुए। पहले मुकाबले में हरियाणा ने बीकानेर को 2–0 से पराजित किया, स्कोर क्रमशः 27–15 और 27–21 रहा। दूसरा मुकाबला शेखावाटी यूनिवर्सिटी और जयपुर के बीच हुआ, जिसमें शेखावाटी ने 25–22 और 25–23 के स्कोर से जीत दर्ज की। पुरुष वर्ग में भी कोच जगदीश बिहाणी के निर्देशन में दो रोमांचक मुकाबले खेले गए। शनिवार को महिला शूटिंग बॉल, शूटिंग बॉल पक्की तथा गुजरात प्रदेश सफेद बॉल के लीग मुकाबले होंगे।
—


