राजश्री बाईसा ने स्मैश के साथ की अखिल भारतीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता की शुरुआत
बीबीएन,बीकानेर, 24 अक्टूबर। सिंथल गांव स्थित गुरुकुल बिल माता लर्निंग इंस्टीट्यूट के प्रांगण में गुरुवार रात्रि को दूधिया रोशनी के बीच अखिल भारतीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन अवसर पर बीकानेर राजघराने की बाईसा राजश्री, जो पिस्टल निशानेबाजी में अर्जुन अवार्ड से सम्मानित हैं, ने स्मैश लगाकर प्रतियोगिता का आगाज़ किया।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए मीडिया प्रभारी डॉ. विजय आचार्य ने बताया कि इस अवसर पर भारतीय फुटबॉल टीम के पूर्व कप्तान मगन सिंह राजवी, शिवबाड़ी महंत विमर्शानंद गिरी जी महाराज, तथा खाजुवाला विधायक वी. मेघवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। गुरुकुल के अध्यक्ष बाबूलाल मोहता और लॉट्स डेयरी के प्रबंधक अशोक मोदी ने अतिथियों का स्वागत शाल ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर किया। समारोह का शुभारंभ सरस्वती मां की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुआ।
बाईसा राजश्री ने अपने संबोधन में कहा कि “मेरे पिता महाराजा करणी सिंह जी खेलों के प्रोत्साहन में सदैव अग्रणी रहे। वे स्वयं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी थे और उन्होंने ही मुझे निशानेबाजी सिखाई।” उन्होंने देशभर से आए खिलाड़ियों और दर्शकों को इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता के सफल आयोजन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में डॉ. सरोज राठौर के निर्देशन में पारंपरिक घूमर सांस्कृतिक प्रस्तुति ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
—


