बीबीएन, बीकानेर। बीकानेर रेंज में नशे की तस्करी के मामले निरंतर बढ़ते ही जा रहे है। रेंज पुलिस ने अंतरराज्यीय नशा तस्करी पर एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए पुलिस ने करीब 3 किलो 8 ग्राम हेरोइन, दो विदेशी पिस्तौल, एक अतिरिक्त मैगज़ीन, 14 जिंदा कारतूस और एक लग्जरी कार बरामद कर दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है।
बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में अनुमानित कीमत करीब 15 करोड़ रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई हनुमानगढ़ जिले की विशेष टीम के सहयोग से की गई, जिसे एसपी हरी शंकर के निर्देशन में अंजाम दिया गया।
एसपी ने बताया कि जिले में अवैध नशीले पदार्थों, अपराध गिरोहों और अवैध हथियारों की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए सभी थाना क्षेत्रों को अलर्ट किया गया था। इसी क्रम में संगरिया थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध लग्जरी कार को रोका। जांच में कार में बैठे दो लोगों सूर्यभान सिंह और नासिर के पास से बड़ी मात्रा में हेरोइन और हथियार मिले। दोनों आरोपी विभिन्न राज्यों में चोरी, अवैध स्मैक तस्करी और अन्य अपराधों में वांछित बताए गए हैं।
पुलिस ने NDPS एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई जिले में सक्रिय तस्करों को बड़ा संदेश है और आने वाले दिनों में ऐसे अभियानों को और तेज़ किया जाएगा।
—



